logo

मार्निंग वॉक के दौरान अचानक गिरे पूर्व धनबाद जीआरपी, मौत, हाल ही में हुए थे सस्पेंड 

GRP.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
इनदिनों हार्ट अटैक का मामला काफी बढ़ा है। अचानक ही किसी भी स्वस्थ इंसान की हृदय गति रूक जा रही है और उसकी मौत हो जा रही है। इसका एक और उदाहरण आज धनबाद में देखने को मिला। आज सुबह मार्निंग वाक के दौरान धनबाद के पूर्व रेल थाना प्रभारी अमरजीत प्रसाद अचानक ही सड़क में गिर पड़े और कुछ ही देर में उनकी मौत हो गई। उनको सड़क पर गिरा जीआरपी के जवानों ने देखा तो तुरंत रेलवे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें बरटांड़ के जालान अस्पताल में भेज दिया। यहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि हार्ट अटैक के कारण अमरजीत प्रसाद की मौत हुई है। गौरतलब है कि 20 दिन पहले ही उन्हें सस्पेंड किया गया था। एडीजी रेल के निर्देश पर उन्हें निलंबित किया गया था। आज ही वह निलंबनमुक्त होते। लेकिन उससे पहले मौत ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। 


जमशेदपुर में रहता है परिवार
53 वर्षीय अमरजीत प्रसाद पटना के स्थायी निवासी थे। जमशेदपुर में उनका घर है। परिवार जमशेदपुर में ही रहता है।  वह 1994 बैच के थे। उनके शव को रेल पुलिस मुख्यालय लाने की तैयारी चल रही है। सलामी के बाद जमशेदपुर भेजा जाएगा। वह हर दिन मार्निंग वॉक करते थे। मंगलवार को भी उन्हें मार्निंग वाक करते देखा गया। मार्निंग वाक के बाद वह रेल एसपी कार्यालय की ओर जा रहे थे। रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इसके बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी।