logo

रांची : रघुवर दास ने सीएम हेमंत सोरेन को लिखी चिट्ठी, कहा- निष्क्रियता से पैदा हुआ विद्युत संकट, समाधान तलाशिए

रघुवर दास ने सीएम हेमंत सोरेन को लिखी चिट्ठी, कहा- निष्क्रियता से पैदा हुआ विद्युत संकट, समाधान तलाशिए

रांचीः 

पूरा झारखंड मौजूदा समय में बिजली संकट से जूझ रहा है। क्या आम और क्या खास! सभी लोग बिजली कटौती से हलकान हैं। इस बीच पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर बिजली संकट से निजात दिलाने का आग्रह किया है। रघुवर दास ने मुख्यमंत्री को लिखी चिट्ठी में कहा कि झारखंड में प्रचंड गर्मी के बीच बिजली संकट गहराता जा रहा है। गांव हो या शहर, बिजली की कटौती से जनता परेशान है। बच्चों की पढ़ाई बुरी तरह प्रभावित हो रही है। 

 

बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है! 
पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा कि बुजुर्गों और मरीजों का बुरा हाल है। उन्होंने अपने कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे समय में भी बिजली संकट पैदा होता था। हालांकि, पहले से की गई तैयारी और ठोस योजना की वजह से लोड शेडिंग की समस्या पैदा नहीं होती थी। रघुवर दास ने लिखा कि वर्तमान में झारखंड के 2300 से 2600 मेगावाज बिजली की जरूरत है। इसमें डीवीसी के अंतर्गत छह जिलों में 600 मेगावाट बिजली की जरूरत शामिल है। इसकी तुलना में झारखंड को लगभग 1200 मेगावाट बिजली मिल रही है। इसमें टीवीएनएल से 320 मेगावाट, आधुनिक से 180 मेगावाट, इंलैंड पावर से 60 मेगावाट तथा सेंट्रल पूल से 650 मेगावाट बिजली मिल रही है जो जरूरत से 600-700 मेगावाट कम है।

पहले की घटना से भी सीख नहीं ले पाए!
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने लिखा है कि बिजली संकट के लिए आपके सरकार की निष्क्रियता जिम्मेदार है। वर्ष 2020 में इसी प्रकार का बिजली संकट उत्पन्न हुआ था, उस समय की घटना से आपकी सरकार ने कोई सीख नहीं ली। पहले से ही योजना तैयार करनी थी। टाटा पावर, डीवीसी या अन्य कंपनियों के साथ पीपीए कर लेना चाहिए था। झारखंड देश का सबसे बड़ा कोयला उत्पादक राज्य है। बीजेपी की डबल इंजन की सरकार के समय पीटीपीएस, पतरातू और एनटीपीसी के बीच साझा समझौता हुआ। इसके तहत 2024 तक 4000 मेगावाट बिजली का उत्पादन शुरू हो जाना था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने इसका शिलान्यास किया था। 

 

इन पावर प्लांटों में उत्पादन शुरू नहीं! 
रघुवर दास ने लिखा कि पहले चरण में 800 मेगावाट बिजली का उत्पादन शुरू होना था, जो सरकार की निष्क्रियता और उदासीनता के कारण शुरू नहीं हो पाया है। इसी तरह भूतपूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने एनटीपीसी के नार्थ कर्णपूरा का शिलान्यास किया था लेकिन 10 साल तक केंद्र की यूपीए सरकार ने इस पर काम रोक दिया। 2014 में सत्ता संभालने के बाद पीएम मोदी ने इसे फिर से शुरू कराया। अब यह पावर प्लांट बनकर तैयार है, लेकिन राज्य सरकार के फोरेस्ट क्लियरेंस में यह मामला 2 साल से लंबित है। इससे भी 800 मेगावाट बिजली का उत्पादन होता। इसी तरह गोड्डा में निजी कंपनी अडानी के साथ 400 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने का करार किया गया था लेकिन पिछले 2 साल से कंपनी के अधिकारी पीपीए करने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहें हैं, लेकिन सरकार को इसके लिए फुर्सत नहीं है।

शहरी और ग्रामीण इलाकों के लिए रणनीति
पूर्व मुख्यमंत्री ने लिखा है कि राज्य के 24 जिलों में शहरी इलाकों में औसतन 6-8 घंटे और ग्रामीण इलाकों में 4-5 घंटे बिजली मिल रही है। आपकी सरकार की निष्क्रियता और निकम्मेपन के कारण आज झारखंड की जनता बिजली और पानी के लिए त्राहिमाम कर रही है। आप से आग्रह है कि अभी भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की रणनीति बनायें और जनता को इस बिजली संकट से निजात दिलायें।