logo

Ranchi : पूर्व सीएम रघुवर दास ने की मांग, सुबह 6 बजे से 10 बजे तक हो राज्य में स्कूल खुलने का समय

पूर्व सीएम रघुवर दास ने की मांग, सुबह 6 बजे से 10 बजे तक हो राज्य में स्कूल खुलने का समय

रांची: 

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड सरकार से मांग की है कि विद्यालय का समय सुबह 6 बजे से 10 बजे तक किया जाये। रघुवर दास ने मुख्य सचिव को इस आशय का पत्र भी लिखा है। प्रदेश के मुख्य सचिव को संबोधित इस पत्र में रघुवर दास ने कहा कि राज्य में अत्यंत गर्मी पड़ रही है। लू भी चलने लगी है। गर्मी और लू की वजह से बच्चे बीमार पड़ने लगे हैं। इस पर ध्यान देना आवश्यक है। 

मौजूदा परिस्थिति को ध्यान में रखकर लें फैसला
रघुवर दास ने कहा कि प्रचंड गर्मी को देखते हुए मौजूदा परिस्थिति में यही उचित होगा कि विद्यालय का समय सुबह 6 बजे से 10 बजे तक किया जाये। पूर्व मुख्यमंत्री ने सुझाव दिया है कि बाकी की कक्षाएं ऑनलाइन भी संचालित की जा सकती हैं। इससे बच्चे सुरक्षित रहते हुए शिक्षा ग्रहण कर सकेंगे। 

मौसम विज्ञान विभाग ने जारी किया है येलो अलर्ट
पूर्व मुख्यमंत्री ने अपील की है कि झारखंड के विद्यालयों के खुलने और बंद होने के समय को इस प्रकार निर्धारित किया जाये कि विद्यार्थी शिक्षा भी ग्रहण कर सकें और स्वस्थ भी रह सकें। मौसम विभाग का अनुमान है कि राज्य में फिलहाल गर्मी से राहत नहीं मिलेगा। आशंका जाहिर की जा रही है कि 10 अप्रैल तक राजधानी रांची का तापमान 40 का आंकड़ा पार कर सकता है। 

एकीकृत सहायक अध्यापक संघ ने भी की है मांग
बता दें कि सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक फिलहाल विद्यालय का समय सुबह साढ़े 7 बजे से दोपहर 1 बजे तक है। एकीकृत सहायक अध्यापक संघ ने भी सरकार से मांग की है कि विद्यालय खुलने का समय सुबह साढ़े 6 बजे से साढ़े 11 बजे तक किया जाये। संघ ने मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और शिक्षा सचिव को इस संबंध में पत्र भी लिखा है। देखना होगा कि सरकार का क्या रुख रहता है।