logo

दुमका : राज्य के अधिकांश शहरों में सोरेन परिवार की जमीन, नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें सीएम: बाबूलाल

राज्य के अधिकांश शहरों में सोरेन परिवार की जमीन, नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें सीएम: बाबूलाल

दुमका: 

प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री और बीजेपी विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी इन दिनों संताल परगना के दौरे पर हैं। फिलहाल वे दुमका प्रवास पर हैं। दुमका में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पूरे सोरेन परिवार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बहुरूपिया हैं। उनका पूरा परिवार फ्रॉड हैं। 

नाम और पता बदलकर खरीदी जमीन! 
बाबूलाल मरांडी ने आरोप लगाया है कि सोरेन परिवार ने प्रदेश के अलग-अलग स्थानों पर नाम और पता बदलकर जमीन की खरीद की। उन्होंने आरोप लगाया है कि दुमका, पाकुड़, रामगढ़, धनबाद, बोकारो औऱ रांची सहित कई शहरों में जमीन खरीदी गई। दुर्गा सोरेन, बसंत सोरेन, कल्पना सोरेन और मुख्यमंत्री की भाभी सीता सोरेन ने जरूरत के मुताबिक पता बदलकर जमीन का लीज पट्टा हासिल किया है। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन बताएं कि वास्तविकता क्या है। 

नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें सीएम!
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नैतिकता के आधार पर हेमंत सोरेन को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने एसपीटी व सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर जमीन की खरीदारी की है। एसपीटी एक्ट के अनुसार थाना क्षेत्र ही लोग खरीद-बिक्री कर सकते। एसपीटी एक्ट के 46 में प्रावधान है। विशेष परिस्थिति में डीसी से आदेश के बाद जमीन की खरीदारी कर सकते है। डीसी के बताना चाहिए कि किस परिस्थिति में और कानून के तहत जमीन की खरीद-बिक्री का आदेश दिया। 

सरकार में रहने का कोई औचित्य नहीं
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि खनन लीज पट्टा को लेकर कहा कि पूर्व की लीज समाप्त हो चुकी थी, बाद में मुख्यमंत्री काल मे पूर्व की लीज को सरेंडर कर नया लीज मुख्यमंत्री और उसके विधायक प्रतिनिधि और प्रेस सलाहकार समेत सहयोगी ने लिया है। सीएम और उनके परिवार के खरीद संबंधित कई कागजात बाबुलाल मरांडी ने प्रस्तुत किया।बाबुलाल मरांडी ने कहा कि  राज्यपाल से मिलकर उन्हें बर्खास्त करने की मांग करेंगे।

उनकी बर्खास्तगी को लेकर आवश्यकता पड़ी तो पीएलआई दायर करेंगे। ऐसे लोग फ्रॉड है। उन्हें सरकार में रहने का कोई औचित्य नही। साथ ही बाबुलाल मरांडी ने कहा पंचायत चुनाव के बाद 21 मई के बाद भाजपा गांव-गांव सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन करेगी। इस अवसर पर जिला महामंत्री विवेकानंद राय, मीडिया प्रभारी पिंटू अग्रवाल और ओम केसरी उपस्थित थे।