द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड विधानसभा में बुधवार को राज्य सरकार एसआईआर पर पेश संकल्प और उस पर चर्चा के दौरान जदयू विधायक सरयू राय ने कई सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष की ओर से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जा रही है। लेकिन राज्य सरकार की ओर से संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा पेश राजकीय संकल्प में इसका जिक्र तक नहीं है। हालांकि संसदीय कार्यमंत्री ने इस भूल को तत्काल सुधार लिया। उन्होंने कहा कि सदन सर्वोपरि है। वह संकल्प के प्रस्तावना में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग शामिल करना चाहते हैं, जिसे सदन ने स्वीकार कर लिया।
.jpeg)
लेकिन सरयू राय ने देश के मुख्य चुनाव आयुक्तों को लेकर सवाल खड़ा किया। उन्होंने बताया कि देश में अब तक 26 मुख्य निर्वाचन आयुक्त हुए हैं। टीएन शेषन ऐसे चुनाव आयुक्त हुए जो कहते थे, मैं राजनीतिज्ञों का नाश्ता करता हूं। उन्हें कांग्रेस ने गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से लालकृष्ण आडवाणी के विरुद्ध अपना प्रत्याशी बनाया। इसी तरह नवीन चावला ऐसे मुख्य निर्वाचन आयुक्त हुए, जिनके बारे में पूर्व मुख्य निर्वाचन आयुक्त गोपाल स्वामी की टिप्पणी थी कि वह सूचना लीक करते हैं और कांग्रेस के प्रति उदार रहते हैं। इसी तरह एमएस गिल जब रिटायर हुए तो प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार में मंत्री बने। रमा देवी हिमाचल की राज्यपाल बनायी गयी और सुकुमार सेन को पद्मभूषण से नवाजा गया।
