द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
सिमडेगा से भाजपा की दो बार विधायक एवं सरकार में मंत्री रही विमला प्रधान का शुक्रवार की शाम लगभग नौ बजे इलाज के दौरान निधन हो गया। वह 2009 और 2014 में लगातार सिमडेगा से विधायक रही। विमला प्रधान पिछले कई महीनों से लीवर की बीमारी से परेशान थी। वह इलाज के लिए पिछले दिनों हैदराबाद भी गयीं थी। उसके बाद तबीयत बिगड़ने पर पिछले दिनों मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद वह घर लौट आयी थी। फिर अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सैमफोर्ड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विमला प्रधान अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गयी हैं। उनमें पति के अलावा तीन पुत्र शामिल हैं। उनकी उम्र लगभग 69 वर्ष थी। उनके अंतिम संस्कार को लेकर परिवार के लोग समय और तिथि तय करने में लगे हैं। आज तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहु भी अस्पताल जाकर उनका हाल समाचार लिया था।
