logo

पाकुड़ की राजनीति का एक युग समाप्त, पूर्व भाजपा विधायक बेनी प्रसाद गुप्ता नहीं रहे

pakud003.jpg

पाकुड़
पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे बेनी प्रसाद गुप्ता का बुधवार को हृदयाघात से निधन हो गया। वे 81 वर्ष के थे। उनके निधन की खबर मिलते ही जिले में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीतिक, सामाजिक और व्यवसायिक जगत के लोगों ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की है। परिजनों के अनुसार, बेनी प्रसाद गुप्ता 29 मई को इलाज हेतु रांची गए थे। बुधवार सुबह वे वापस पाकुड़ लौटे थे। घर पहुंचने के बाद वे सामान्य रूप से लोगों से मुलाकात कर रहे थे। इसी दौरान दोपहर करीब 11 बजे के बाद बाथरूम जाते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। 

1990 और 1995 में लगातार दो बार विधायक रहे
परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, पाकुड़ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोपहर 1:33 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। वर्ष 1945 में जन्मे बेनी प्रसाद गुप्ता अविभाजित बिहार के दौर में पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके थे। वे वर्ष 1990 और 1995 में लगातार दो बार विधायक निर्वाचित हुए और एक दशक तक क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। जनहित के मुद्दों, विकास कार्यों और आम लोगों से सीधे जुड़ाव के कारण उनकी अलग पहचान थी। सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता ने उन्हें क्षेत्र के लोकप्रिय नेताओं में शामिल किया। अपने जीवन के अंतिम वर्षों में वे परिवार के साथ पाकुड़ में रह रहे थे।

योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा
निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर समर्थकों, शुभचिंतकों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा हुआ है। पाकुड़ की राजनीति में बेनी प्रसाद गुप्ता का योगदान लंबे समय तक याद रखा जाएगा। उनके निधन को जिले की राजनीतिक और सामाजिक जीवन की बड़ी क्षति माना जा रहा है।

Tags - Pakur Politics BJP MLA Beni Prasad Gupta Passes Away