द फॉलोअप डेस्क, रांची:
Ranchi News: पर्व-त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा की टीम (Food Safety Department) पूरी तरह सक्रिय है, ताकि मिलावटखोरों पर लगाम लगाई जा सके। इस क्रम में रांची डीसी मंजूनाथ भजन्त्री (Ranchi DC Manjunath Bhajantri) के निर्देशानुसार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं मिलावट पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा की टीम द्वारा अभिहित अधिकारी सह अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी डॉ. पवन कुमार के नेतृत्व में शहर के कचहरी, जेल रोड और बरियातू सहित कई इलाकों में मिठाई निर्माण इकाइयों एवं मिष्ठान प्रतिष्ठानों (Sweet Shops) का निरीक्षण किया गया।

खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच
निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, (Quality of food products) निर्माण प्रक्रिया, स्वच्छता व्यवस्था एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की गई। इस क्रम में लड्डू, खोवा, मिल्क केक आदि मिठाइयों के विधिक नमूने संग्रहित किए गए, जिन्हें गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। यह अभियान जिला स्तरीय परामर्शी समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम, उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना तथा जनस्वास्थ्य (Public health) की रक्षा सुनिश्चित करना है।

जांच एवं निगरानी अभियान निरंतर जारी रहेंगे
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा सभी खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों का पालन करने, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने तथा आवश्यक पंजीकरण एवं लाइसेंस सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई (Legal action) की जाएगी। जिला प्रशासन एवं खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा आमजन के स्वास्थ्य की रक्षा एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के जांच एवं निगरानी अभियान निरंतर जारी रहेंगे।