बानेश्वर महतोः
सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू प्रखंड स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में शिक्षकों की कमी को लेकर छात्राओं के आंदोलन और इस मुद्दे को द फॉलोअप पर प्रमुखता से उठाए जाने के बाद शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। विद्यालय में दो विषयों के शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति कर दी गई है। बुधवार को छात्राओं ने अंग्रेजी, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान के शिक्षकों की मांग को लेकर मुख्य द्वार पर धरना-प्रदर्शन किया था। इसके बाद यह मामला चर्चा में आया और अब विभाग ने पहला कदम उठाया है।

अंग्रेजी और जीवविज्ञान के शिक्षक मिले
जारी आदेश के अनुसार, पीजीटी (अंग्रेजी) संजीव कुमार उपाध्याय को +2 उच्च विद्यालय सिरुम, कुकड़ू से तथा टीजीटी (जीवविज्ञान/रसायनशास्त्र) सोनिया कुमारी को +2 उच्च विद्यालय ईचाडीह, कुकड़ू से प्रतिनियुक्त करते हुए झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, कुकड़ू भेजा गया है। इन दोनों शिक्षकों की तैनाती से विद्यालय में लंबे समय से चली आ रही दो प्रमुख विषयों की समस्या का समाधान शुरू हो गया है।

छात्राओं ने उठाई थी पढ़ाई प्रभावित होने की बात
दरअसल कल धरने पर बैठी छात्राओं का कहना था कि शिक्षकों की कमी के कारण महीनों तक पाठ्यक्रम पूरा नहीं हो पा रहा था और बोर्ड परीक्षा की तैयारी प्रभावित हो रही थी। स्थानीय विधायक ने भी तीन दिनों के भीतर शिक्षकों की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया था। अब विभाग की ओर से दो शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति होने के बाद छात्राओं को राहत मिली है। हालांकि सामाजिक विज्ञान समेत अन्य रिक्त पदों पर शिक्षकों की नियुक्ति की मांग अभी भी बरकरार है।

बाकी विषयों के शिक्षकों का इंतजार
दो शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति को छात्राओं के आंदोलन और मीडिया पर खबर चलने का पहला सकारात्मक परिणाम माना जा रहा है। छात्राओं का कहना है कि जब तक सभी रिक्त विषयों के शिक्षक उपलब्ध नहीं हो जाते, तब तक पढ़ाई पूरी तरह पटरी पर नहीं लौटेगी। अब सभी की नजर इस बात पर है कि बाकी विषयों के शिक्षकों की व्यवस्था कब तक की जाती है।