साहिबगंज:
Sahibganj News: दीपावली की खुशियों के बीच साहिबगंज में देर रात गोलियों की गूंज से दहशत फैल गई। जिरवाबाड़ी थाना क्षेत्र के पूर्वी फाटक इलाके में रात करीब दो बजे हुई गोलीबारी की घटना में 45 वर्षीय मुन्ना साह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर में गोली लगी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। दीपावली के जश्न के बीच हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल मुन्ना साह को आनन-फानन में सदर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. रेहान ने उनका प्राथमिक उपचार किया। सिर में गोली लगने और उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद से इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुराने विवाद में गोली मारने का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्वी फाटक इलाके में देर रात मुन्ना साह को पवन कुमार शाह ने कथित तौर पर गोली मार दी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। इसी पुराने विवाद को गोलीबारी की वजह बताया जा रहा है। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। घायल मुन्ना साह के पुत्र ने आरोप लगाया है कि उनके पिता को पवन कुमार शाह ने गोली मारी है। वहीं, उनकी पत्नी रूबी देवी ने बताया कि दो लोगों ने मिलकर उनके पति को गोली मारी है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और न्याय दिलाने की मांग की है।

बोकारो एसडीओ के अंगरक्षक होने की चर्चा
बताया जा रहा है कि गोली मारने का आरोप झेल रहा पवन कुमार शाह बोकारो एसडीओ का अंगरक्षक है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस उसकी भूमिका समेत घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इधर, पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच में जुट गई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पुराने विवाद, गोलीबारी के कारण और घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता की पड़ताल कर रही है। दीपावली जैसे बड़े त्योहार के मौके पर शहर के बीचोंबीच हुई इस गोलीबारी ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।