logo

जामताड़ा : मुख्य बाजार में बिजली के खंभे में लगी आग, मची अफरा-तफरी, बड़ा हादसा टला

JAMTARA_AAG_NEWS.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा शहर के व्यस्ततम इलाके मुख्य बाजार स्थित दुर्गा मंदिर के समीप एक बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई. यह घटना दिन के समय हुई, जब बाजार में लोगों की भारी भीड़ मौजूद थी. आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों के अनुसार, खंभे से अचानक धुआं और आग की लपटें उठने लगीं, जिसके बाद आसपास मौजूद दुकानदारों और राहगीरों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी. सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने क्षेत्र की आपूर्ति बंद कर दी, जिससे स्थिति को और बिगड़ने से रोका जा सका. कुछ ही देर में तकनीकी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और तारों की मरम्मत कर आग पर काबू पाया गया.

लोगों में नाराजगी, जर्जर तारों की सुधार की मांग
गनीमत रही कि समय रहते आग बुझा ली गई, वरना भीड़भाड़ वाले इस इलाके में बड़ा हादसा हो सकता था. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि जर्जर तारों और खराब रखरखाव के कारण इस तरह की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं. स्थानीय समाजसेवी आकाश साव ने कहा कि मुख्य बाजार जैसे व्यस्त इलाके में तारों की स्थिति ठीक होनी चाहिए. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं किया गया तो लोग आंदोलन के लिए मजबूर होंगे. स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था की नियमित जांच और मरम्मत की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके.

 

Tags - Jamtara Main Market Durga Mandir Jamtara Electric Pole Fire Power Line Fire Incident Old Electrical Wires Problem