द फॉलोअप डेस्क:
14वीं जेपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर आज सीआईजी और रांची पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। सीआईडी और रांची पुलिस के अधिकारियों ने आयोग के दफ्तर में छापा मारा। इस दौरान एक महिला कर्मचारी को हिरासत मे लिए जाने की सूचना है। बताया जाता है कि महिला कर्मचारी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस उन्हें उनके आवास पर ले गई और वहां सघन तलाशी ली गई। वापस आने के बाद पुलिस ने जेपीएससी दफ्तर के सभी कर्मियों का मोबाइल फोन जब्त कर लिया और अब सीआईडी की साइबर एक्सपर्ट टीम इनका डाटा खंगालेगी। हालांकि, अभी इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा में गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि उनकी शिकायतों को सुनने की जगह आयोग आनन-फानन में मुख्य परीक्षा कराने में जुटा है।

एक्शन मोड में नजर आई सीआईडी और रांची पुलिस
आज रांची पुलिस और सीआईडी की संयुक्त टीम एक्शन मोड में नजर आई। जेपीएससी मुख्यालय परिसर को पूरी तरह छावनी में तब्दील कर दिया गया। इतनी कड़ी सुरक्षा थी कि बाहर से किसी को अंदर जाने की इजाजत नहीं थी और ना ही अंदर से कोई बाहर जा सकता था। आयोग के कर्मचारियों के मूवमेंट पर भी अस्थायी रूप से रोक लगा दी गई थी। आयोग मुख्यालय के मुख्य दरवाजे से लेकर भीतर में सभी शाखाओं तक पुलिस का सख्त पहरा था। बताया जा रहा है कि रांची पुलिस और सीआईडी 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी की शिकायतों की बड़ी गंभीरता से जांच में जुटी है।
झारखंड के विभिन्न शहरों में विरोध प्रदर्शन
14वीं जेपीएससी सिविल सेवा पीटी परीक्षा में कथित गड़बड़ी को लेकर झारखंड के विभिन्न शहरों में विरोध प्रदर्शन हो रहा है। छात्रों का हुजूम सड़क पर उतरा है। अभ्यर्थियों का आरोप है कि आयोग पीटी परीक्षा का आंसर की जारी नहीं करता। ओएमआर शीट भी नहीं दिखाई जा रही है। कुछ ओएमआर शीट वायरल हुए थे, जिनमें व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी की आशंका है।