द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में इस समय सर्दी के मौसम में गर्मी का तगड़ा असर देखने को मिल रहा है। कई प्रमुख शहरों में तापमान ने एक नया रिकॉर्ड बना लिया है। चाईबासा का तापमान ठंड के मौसम में 33.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे अधिक है। वहीं जमशेदपुर, डाल्टेनगंज और खूंटी का तापमान भी 30 डिग्री के पार जा चुका है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रांची स्थित मौसम केंद्र ने इन आंकड़ों की पुष्टि की है। पिछले साल की तुलना में बढ़ा तापमान
IMD के मुताबिक, 20 जनवरी 2024 को रांची का अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री था। जबकि इस साल यही तापमान 27 डिग्री तक पहुंच चुका है। इसी तरह जमशेदपुर में पिछले साल तापमान 21 डिग्री था, लेकिन इस बार 30.5 डिग्री तक बढ़ चुका है। मौसम विभाग ने बताया कि इस समय जनवरी में ठंड की बजाय गर्मी का अहसास हो रहा है, जो मौसम के असामान्य बदलाव को दर्शाता है।कई जगहों पर दर्ज किया गया तापमान
बता दें कि 23 जनवरी गुरुवार को जारी मौसम रिपोर्ट के मुताबिक, जमशेदपुर का अधिकतम तापमान 30.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 3.5 डिग्री अधिक है। वहीं, डाल्टेनगंज का तापमान 30.7 डिग्री और चाईबासा का तापमान 33.8 डिग्री दर्ज किया गया है, जो सामान्य से काफी अधिक है।
बताया गया कि राज्य के अधिकतर प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान भी सामान्य से ऊपर रहा है। इस दौरान रांची का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री, जमशेदपुर का 12.8 डिग्री और डाल्टेनगंज का 11.8 डिग्री सेल्सियस रहा है। इसके साथ ही गुमला जिले में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज किया गया है।