logo

राहत : सुजीत मुंडा के घर जलेगी बिजली, गैस चूल्हा में बनेगा खाना, क्रिकेट किट उपलब्ध कराने के साथ खेल विभाग देगा आर्थिक मदद

175.jpg

रांची :

देश के प्रतिभावान ब्लाइंड क्रिकेट खिलाड़ी सुजीत मुंडा के घर अब बिजली जलेगी। ब्लाइंड टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारत टीम में सुजीत मुंडा का चयन हुआ है। अपने शानदार बॉलिंग का जलवा दिखाने वाले सुजीत का परिवार ढिबरी युग में जी रहा था। लेकिन अब उसके घर में भी बिजली का कनेक्शन होगा। दरअसल इस प्रतिभावान खिलाड़ी को दो दिन पहले ही खेल मंत्री हफीजुल हसन ने आर्थिक मदद करते हुए इसको सहयोग देने के लिए नियम बनाने की बात कही थी। अब सुजीत की मदद के लिए खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय (पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवाकार्य विभाग आगे आया है। खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय की सरोजनी लकड़ा सुजीत मुंडा की समस्याओं को दूर करने के लिए खेल सचिव को पत्र लिखा है। जिसमें उन्होंने कहा है कि सुजीत मुंडा, दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ी (मौसीबाड़ी जगन्नाथपुर, धुर्वा, रांची) को आवश्यक खेल एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध की जाए। उन्होंने पत्र में कहा है कि सुजीत को अपने कार्यालय में बुलाकर उनसे उनकी समस्याओं / आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सुजीत का चयन ब्लाइंड क्रिकेट टी-20 वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया में हुआ है। वे 08 नवंबर से 20 नवंबर 2022 तक बैंगलोर में आयोजित नेशनल कैंप में भाग लेंगे। इसके बाद 4 से 17 दिसंबर 2022 तक आयोजित होने वाले ब्लाइंड क्रिकेट टी-20 वर्ल्ड कप में भाग लेंगे। सुजित की समस्याओं को दूर करने के लिए उन्होंने रांची डीसी व खेल पदाधिकारी को भी निर्देश दिया है।

इन समस्याओं को दूर करने का निर्देश

1. घर में बिजली कनेक्शन नहीं है। (डीसी का कार्यालय, रांची के माध्यम से यह किया जाएगा)

 

2. राशन कार्ड उपलब्ध है पर सुविधाएं प्राप्त नहीं होती। (डीसी का कार्यालय, रांची के माध्यम से यह किया जाएगा)

 

3. खेल किट (सिन पैड, नी कैप, आर्म गार्ड, सपोर्टर ग्लब्स, बैग एवं बैट, टी-शर्ट (M), ट्रैकसूट (L), जूता (8), मोजा) की आवश्यकता है। (जिला खेल पदाधिकारी, रांची के माध्यम से यह किया जाएगा)

 

4. आयुष्मान कार्ड नहीं बना है। (डीसी का कार्यालय, रांची के माध्यम से यह किया जाएगा)

 

5. गैस कनेक्शन (उज्जवला योजना) नहीं है। (डीसी का कार्यालय, रांची के माध्यम से यह किया जाएगा)

 

6. कल्याण कोष से आर्थिक सहायता की आवश्यकता है। (खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय, झारखंड के माध्यम से किया जाएगा)

नियम बनाएगी झारखंड सरकार

सुजीत मुंडा को मदद पहुंचाने के लिए झारखंड सरकार नया नियम बनाएंगी। इससे जहां मजदूर परिवार के सुजीत मुंडा को मदद मिलेगी, वहीं नियम बन जाने के बाद इनके जैसे दूसरे खिलाड़ियों को भी सरकार की ओर से मदद मिलेगी। दरअसल झारखंड के खेल मंत्री हफीजुल हसन अंसारी ने सुजीत मुंडा को आश्वस्त किया है कि नियम से हटकर भी कुछ करना पड़ेगा तो करेंगे। नया नियम बनाना पड़ेगा तो भी खेल विभाग नया नियम बनाकर इनको मदद करेगी। बताते चलें कि ओलंपिक में क्रिकेट नहीं है। ऐसे में क्रिकेटरों को खेल विभाग की ओर से मदद नहीं की जाती। मगर मंत्री ने सुजीत मुंडा को अपने स्तर से आर्थिक मदद करते हुए 27 अक्टूबर को अपने आवास में कहा है कि अगर नया नियम बनाना पड़े तो बनाएंगे और मदद करेंगे।