रांची:
चैंबर चुनाव को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए आज चुनाव समिति की बैठक संपन्न हुई। मतदान के दिन चैंबर सदस्यों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हो, मतदान स्थल और इसके आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने समेत विभिन्न योजनाओं पर बैठक के दौरान चर्चा की गई। चुनाव पदाधिकारी ललित केडिया और पवन शर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि चैंबर की वार्षिक आमसभा 10 सितंबर को सुबह 11 बजे से चैंबर भवन के पांचवे तल्ले ‘प्रेम कुमार पोद्दार ऑडिटोरियम‘ में आयोजित की जायेगी।

दोपहर 2 बजे से मतदान शुरू होगा
आमसभा के उपरांत दोपहर 2 बजे से मतदान आरंभ किया जायेगा। चैंबर भवन के प्रथम तल्ल पर मतदाताओं को वोटिंग स्लीप लेने की व्यवस्था की गई है। मतदाता वोटिंग स्लिप लेकर चैंबर भवन के दूसरे और चौथे तल्ले पर जाकर अपना मतदान दे सकते हैं। ड्यूस क्लियर कराने की सुविधा भी प्रथम तल्ले पर ही की गई है। ऐसे सदस्य जिनका सदस्यता शुल्क बकाया है, वे नो-ड्यूस क्लियर कराने के बाद ही वोटिंग कर सकते हैं। बैठक के उपरांत चुनाव समिति और चैंबर अध्यक्ष धीरज तनेजा ने चैंबर भवन में चुनाव की तैयारियों का जायजा भी लिया।

न्यायालय के निर्णय का स्वागत किया
चुनाव के दौरान चुनावी कार्यों के लिए जिला प्रशासन द्वारा पंडरा बाजार की दुकानों/गोदामों का अधिग्रहण करने से होने वाली परेशानियों पर फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की याचिका पर माननीय झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा संज्ञान लिये जाने पर चैंबर अध्यक्ष धीरज तनेजा ने प्रसन्नता जताई और न्यायालय के निर्णय का स्वागत किया।

न्यायालय ने शिकायत पर संज्ञान लिया
उन्होंने यह भी कहा कि माननीय न्यायालय ने पूर्व में ही जिला निर्वाचन आयोग और जिला प्रशासन को ईवीएम वेयरहाउस निर्माण के लिए वैकल्पिक स्थान का चयन करने के लिए निर्देशित किया है किंतु हर बार चुनावी कार्यों के लिए पंडरा बाजार की दुकानों का ही अधिग्रहण किया जाता है। ईवीएम वेयरहाउस का निर्माण अब तक प्रारम्भ नहीं किये जाने से पुनः होने वाली कठिनाईयों की आशंका को देखते हुए फिर से झारखंड चैंबर द्वारा न्यायालय में याचिका दायर की गई थी जिसपर न्यायालय ने संज्ञान लिया है।