रांची:
झारखंड की हेमंत सरकार प्रदेश के बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग कलाकारों को प्रतिमाह 4 हजार रुपये की पेंशन देगी। झारखंड के पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के मातहत आने वाले सांस्कृतिक कार्य निदेशालय ने प्रदेश में बुजुर्ग, गंभीर रूप से अस्वस्थ और स्थायी रूप से दिव्यांग कलाकारों से मासिक निवृत्तिका योजना के तहत आवेदन मांगे हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए पात्र कलाकारों को इस योजना के तहत हर महीने 4 हजार रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
कला-संस्कृति विभाग के निदेशक आसिफ एकराम ने जानकारी दी है कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य उम्र या खराब सेहत के कारण आर्थिक तंगी झेल रहे कलाकारों को एक संबल और सम्मान देना है, ताकि वे अपनी जिंदगी गरिमा के साथ जी सकें। किसी भी उम्र के दिव्यांग कलाकार इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

कलाकारों के योगदान को सरकार का सम्मान
कला-संस्कृति विभाग के निदेशक आसिफ एकराम ने बताया कि प्रतिमाह मिलने वाली 4 हजार रुपये की सम्मान राशि से बुजुर्ग या बीमार कलाकारों को अपनी दवाइयों समेत दैनिक जरूरतों को पूरा करने के लिए किसी और पर निर्भर नहीं रहना होगा। उन्होंने कहा कि यह केवल वित्तीय सहायता नहीं, अपितु कलाकारों के जीवनभर के योगदान के प्रति राज्य सरकार का सम्मान है। उन्होंने कहा कि चूंकि आवेदन सीधा निदेशालय में जमा होगा और डीबीटी के माध्यम से सीधा लाभुक के बैंक खाते में पैसे आएंगे, इसलिए बिचौलियों का डर भी नहीं है।

आधिकारिक वेबसाइट पर मिलेगा आवेदन फॉर्म
इच्छुक या योग्य व्यक्ति विज्ञापन में दिए गए आवेदन को भरकर अप्लाई कर सकते हैं। कलाकार जिस कला से जुड़ा है, मसलन- संगीत, पेंटिंग या थियेटर तो उसके विवरण के साथ उपलब्धियों और पुरस्कारों का प्रमाण पत्र भी देना होगा। इस योजना का लाभ केवल झारखंड के स्थानीय नागरिक ही उठा सकते हैं। आवेदन करने केलिए आयु प्रमाण पत्र, वार्षिक आय प्रमाण पत्र, बैंक खाता विवरण और आधार कार्ड की फोटोकॉपी संलग्न करना होगा। यदि कोई बीमार या दिव्यांग है तो मेडिकल सर्टिफिकेट भी देना होगा।
फॉर्म भरने के बाद इसे सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ सांस्कृतिक कार्य निदेशालय (रांची) के कार्यालय में जमा करना होगा। फॉर्म आधिकारिक वेबसाइट www.jharkhandculture.com से डाउनलोड किया जा सकता है।