logo

BSL से युवाओं के लिए खेल सुविधाएं बहाल करने की मांग, बोकारो युवा शक्ति संघ ने उठाई आवाज

BSL2.jpg

बोकारो 

बोकारो युवा शक्ति संघ के अध्यक्ष कुंज बिहारी पाठक के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने बोकारो स्टील प्लांट के मुख्य महाप्रबंधक (नगर प्रशासन) को ज्ञापन सौंपकर युवाओं के खेल, कौशल विकास और भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर शीघ्र ठोस पहल करने की मांग की है। ज्ञापन के जरिए लंबे समय से बंद पड़े मोहन कुमार मंगलम स्टेडियम को आम युवाओं के लिए पुनः खोलने, सेना की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए नियमित अभ्यास की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सीएसआर निधि का उपयोग खेल, कौशल विकास और रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण कार्यक्रमों पर करने की मांग की गई।

युवाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि खेल मैदानों और प्रशिक्षण सुविधाओं के अभाव में बड़ी संख्या में युवाओं को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में आवश्यक है कि बंद पड़ी खेल सुविधाओं को जल्द बहाल किया जाए और युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण का अवसर उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान संघ के अध्यक्ष कुंज बिहारी पाठक ने कहा कि बोकारो खेल प्रतिभाओं का शहर रहा है। यदि युवाओं से खेल मैदान और अभ्यास स्थल छीन लिए जाएंगे तो इसका सीधा असर उनके भविष्य पर पड़ेगा। उन्होंने बीएसएल प्रबंधन से युवाओं के हित में स्थायी खेल एवं प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने तथा बंद पड़े मैदानों को जल्द से जल्द पुनः खोलने की मांग की।

Tags - BSL Management Youth Development Sports Facilities Skill Development