रांची:
प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने विशाल चौधरी को हिरासत में ले लिया है। ठिकानों पर छापेमारी के बाद विशाल चौधरी को ईडी की टीम अपने साथ ले गई। गौरतलब है कि मंगलवार को ईडी की टीम ने पूजा सिंघल प्रकरण में जांच का दायरा बढ़ाते हुए विशाल चौधरी नाम के शख्स के ठिकानों पर छापेमारी की थी। छापेमारी में मिले दस्तावेजों तथा सबूतों के आधार पर ईडी ने विशाल चौधरी को हिरासत में ले लिया। ईडी को विशाल चौधरी के पास से बड़े ट्रांजेक्शन का पता लगा है।
मंगलवार को ईडी की टीम ने की थी छापेमारी
मंगलवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने रांची में विशाल चौधरी नाम के शख्स के आवास पर छापेमारी की। विशाल चौधरी के बारे में मिली अब तक की जानकारी के मुताबिक वो शिक्षा, स्वास्थ्य और स्किल सेक्टर से जुड़े सरकारी प्रोजेक्ट का काम लेता था। राज्य के कई बड़े नौकरशाहों तथा सफेदपोशों से उसके नजदीकी संबंध हैं। सूत्रों से मिल रही जानकारी के मुताबिक विशाल चौधरी विदेश यात्रा का शौकीन है। बीते 2 साल में उसने कई देशों की यात्रा की है।

तुर्की सहित इन देशों की यात्रा कर चुका है
रिपोर्ट्स के मुताबिक विशाल चौधरी ने बीते 2 वर्षों में तुर्की, स्विटजरलैंड, श्रीलंका, इंडोनेशिया और यूएई सहित कई देशों का दौरा किया है। सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के मुताबिक विशाल चौधरी ने बीते 2 वर्षों में केवल विदेश यात्रा पर ही 3 करोड़ रुपये से ज्यादा की भारी-भरकम रकम खर्च की है। ध्यान रहे कि इसमें खरीददारी का आंकड़ा शामिल नहीं है।
घर के इंटीरियर पर खर्च किया 1 करोड़ रुपया
रांची में अशोक नगर स्थित आवास उसने किराये पर लिया हुआ है। सूचना है कि केवल इस घर के इंटीरियर पर ही विशाल चौधरी ने 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम खर्च की है। विशाल चौधरी बीते कई वर्षों से एक्सपोर्ट-इंपोर्ट के काम में हाथ आजमाता रहा है। चर्चा है कि वो नोएडा और नैनीताल में होटल खरीदने की जुगत में है। उसने अपने पैतृक आवास मुजफ्फरपुर में पिता के लिए करोड़ों रुपये की लागत से फर्नीचर का शोरूम खोला है। देश के अलग-अलग हिस्सों में 15 रेस्टोरें खोलने की भी चर्चा है।

बड़े आईएएस अधिकारी का घर पर है आना-जाना
सूचना के मुताबिक विशाल चौधरी का बेटा जिस स्कूल में पढ़ाई करता है उसकी सालाना फीस 40 लाख रुपये है। विशाल जब भी दिल्ली प्रवास पर होता है तो हैमर गाड़ी से चलता है। इस वाहन की कीमत 2 करोड़ बताई जा रही है। कहा जाता है कि सत्ता के करीबी एक आईएएस अधिकारी का विशाल चौधरी के घर पर नियमित रूप से आना-जाना होता है।
मंगलवार को भी ईडी की टीम ने की छापेमारी
बता दें कि पूजा सिंघल प्रकरण की जांच में जुटी प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रधान सचिव राजीव अरुण एक्का के बहनोई निशिथ केसरी के आवास पर छापेमारी की। इस दौरान ईडी की टीम ने राहुल चौधरी नाम के शख्स के ठिकानों पर भी छापेमारी की। कहा जा रहा है कि ईडी के इनके खिलाफ पुख्ता सबूत मिले थे।