द फॉलोअप डेस्क, रांची:
ईस्टर्न कोलफील्ड लिमिटेड यानी ECL ने अपने कर्मचारियों के लिए स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना यानी VRS लन्च किया है। 45 वर्ष या उससे अधिक आयु के कर्मचारी इसका लाभ उठा सकेंगे। कर्मचारी 31 दिसंबर तक वीआरएस के लिए आवेदन कर सकते हैं। कंपनी के महाप्रबंधक कार्यालय की ओर से बीते सोमवार को इस आशय की अधिसूचना जारी की गई है। स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए इच्छुक कर्मचारी 1 दिसंबर 2026 से ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 31 दिसंबर 2026 तक चलेगी।

धनबाद और संताल परगना में हैं खदानें
झारखंड में ईसीएल की कोलियरी धनबाद और संताल परगना में मौजूद है। अधिसूचना के मुताबिक वीआरएस योजना का लाभ ईसीएल के स्थायी गैर-अधिकारी कर्मचारियों को भी मिलेगा। इसके लिए आवेदन की तिथि को कर्मचारी की उम्र कम से कम 45 वर्ष होनी चाहिए। कुछ श्रेणियों के कर्मचारियों को वीआरएस-2026 के दायरे से बाहर रखा गया है।

इन कर्मचारियों को नहीं मिलेगा VRS का लाभ
स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति योजना-2026 से ऐसे कर्मचारियों क बाहर रखा गया है, जिनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक या सतर्कता संबंधी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा बांडेड सर्विस अथवा न्यूनतम सेवा की बाध्यता वाले कर्मचारी भी वीआरएस के लिए आवेदन नहीं कर पाएंगे। योजना के तहत कर्मचारियों को मिलने वाले वित्तीय लाभ में एक्सग्रेशिया मुआवजा प्रमुख है। इसका भुगतान एकमुश्त किया जाएगा। इसकी गणना प्रत्येक पूर्ण सेवा वर्ष के लिए 35 दिनों के वेतन के आधार पर होगी।
इसके अतिरिक्त सामान्य सेवानिवृत्ति की निर्धारित उम्र 60 वर्ष तक बची सेवा के प्रत्येक वर्ष के लिए 25 दिनों के भीतर वेतन के बराबर राशि मिलेगी।
हालांकि, शेष सेवा अवधि की गणना 30 दिनों के महीने के आधार पर होगी। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है के वेतन संशोधन के कारण किसी प्रकार का बकाया भुगतान देय नहीं होगा।