logo

पूर्वी सिंहभूम में 10 करोड़ की लागत से बना 30 बेड का अस्पताल तैयार, 15 अगस्त से पहले होगा उद्घाटन

WhatsApp_Image_2026-07-30_at_3_36_40_PM.jpeg

पूर्वी सिंहभूम 
पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया प्रखंड के भालुकपातड़ा मौजा में करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार 30 बेड वाले नए अस्पताल भवन का उद्घाटन 15 अगस्त से पहले किया जायेगा। अस्पताल के शुरू होने से डुमरिया प्रखंड की 10 पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगी। लंबे समय से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी झेल रहे क्षेत्र के लोगों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। 
विधायक संजीव सरदार ने तैयारियों का लिया जायजा
नवनिर्मित अस्पताल में मरीजों के इलाज, जांच और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी। अब क्षेत्र के लोगों को सामान्य इलाज और स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा। अस्पताल की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पोटका विधायक संजीव सरदार ने गुरुवार को भवन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, सुविधाओं की उपलब्धता और उद्घाटन की तैयारियों की जानकारी ली। 
9.5 लाख की लागत से हो रहा बिजली कनेक्शन का काम
अस्पताल परिसर में बिजली आपूर्ति को लेकर काम अंतिम चरण में है। करीब 9.5 लाख रुपये की लागत से बिजली व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। बिजली विभाग की ओर से अस्पताल तक लाइन पहुंचाने के साथ ट्रांसफॉर्मर से भूमिगत केबल बिछाने का कार्य जल्द पूरा कर लिया जायेगा। वहीं, अस्पताल के संचालन के लिए विधायक संजीव सरदार ने शव वाहन उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जायेगा। विधायक संजीव सरदार ने कहा कि अस्पताल शुरू होने के बाद डुमरिया क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए परेशानी कम होगी। मानसून सत्र समाप्त होने के बाद 15 अगस्त से पहले अस्पताल को जनता को समर्पित करने की तैयारी है। निरीक्षण के दौरान बीडीओ नीलेश कुमार मुर्मू, सीएचसी प्रभारी डॉ. पाराव माझी, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मनीष बारी, मिर्जा सोरेन, भगत बास्के सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Tags - Dumaria East Singhbhum Healthcare Sanjeev Sardar Jharkhand News