द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड को नक्सल मुक्त बनाने के उद्देश्य से नक्सली संगठनों के विरुद्ध कार्यवाई की जा रही है। इसके अंतर्गत नक्सल प्रभावित इलाकों में प्रभावी नक्सल अभियान चलाया जा रहा है।साथ ही झारखंड सरकार के आत्मसमर्पण व पुनर्वास नीति का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य उन लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है जो किसी कारणवश नक्सलवाद के गलत रास्ते पर भटक गए हैं। झारखंड पुलिस एवं सीआरपीएफ के प्रयास से आज इनामी नक्सली रीजनल कमांडर मिथिलेश सिंह उर्फ दुर्योधन ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर किया है। दुर्योधन महतो समाज के मुख्यधारा से जुड़ कर अपने परिवार के साथ सामान्य जीवन जीना चाहता है। बता दें कि मिथिलेश सिंह उर्फ दुर्योधन का माओवादी संगठन में काफी ऊंचा पद था। वह 1991 में ही नक्सली संगठन में शामिल हुआ और तब से नक्सली घटनाओं को अंजाम देता रहा। उसके ऊपर 100 से अधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

बाकी नक्सलियों को भी लौटना चाहिए
आत्मसमर्पण के बाद दुर्योधन ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि संगठन में उसके साथ भेदभाव हो रहा था। वह जिस का हकदार था उसे नहीं मिलता था। नक्सलियों की हालत बहुत खराब है। जो ऊंचे पदों पर है वही राज कर रहे हैं। नीचे वाले लोगों की स्थिति अच्छी नहीं है। दुर्योधन ने बाकी नक्सलियों से मुख्यधारा में लौटने की अपील भी की है। उसने कहा है कि बाकी नक्सलियों को भी हथियार छोड़कर सामाजिक चीजों से जुड़ जाना चाहिए। समाज में रहकर एक अच्छा जीवन जीना चाहिए।
