द फॉलोअप डेस्क:
दुमका शहर में ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां ठगों ने पहले एक महिला को डराया और फिर मदद का भरोसा दिलाकर करीब 10 लाख रुपये के जेवर लेकर फरार हो गए. मामला भागलपुर रोड निवासी ऊषा सिंघानिया से जुड़ा है. शुक्रवार दोपहर वह अपनी पोती को होली चाइल्ड स्कूल से लेने पहुंची थीं. इसी दौरान दो बाइक से पहुंचे चार युवकों ने उन्हें निशाना बनाया. महिला के मुताबिक, स्कूल के सामने एक युवक ने उन्हें रोककर माथे की लकीरें देखने की बात कही और दावा किया कि जल्द ही उनके साथ बड़ी अनहोनी होने वाली है और उनके बेटे की जान को खतरा है. इसके बाद उसने महिला से पानी मांगा, जिसे महिला ने खरीदकर उसे पिलाया.

51 कदम चलाकर महिला को लूटा
इसी दौरान दूसरा युवक वहां पहुंचा और पहले युवक से अनजान बनकर बातचीत करने लगा. उसने महिला से कहा कि उसके कहने पर उसे हनुमान जी के दर्शन हुए हैं और अब उनके परिवार पर कोई संकट नहीं है. दोनों युवकों ने महिला का भरोसा जीतने के लिए पहले अपने ही साथी की जेब से 2 हजार रुपये निकलवाकर महिला के बैग में रखवाए. इसके बाद उस युवक को 'नमो नारायण' का जाप करते हुए 51 कदम चलाया गया और 51 कदम पूरे होने के बाद रुपये वापस कर दिए गए. इस पूरी प्रक्रिया से महिला को ठगों पर भरोसा हो गया. इसके बाद ठगों ने महिला से दोनों अंगूठियां, भारी चेन और दोनों हाथों की चूड़ियां उतरवा लीं. महिला ने सारे जेवर बैग में रख दिए और बैग ठग के साथी को सौंप दिया. फिर महिला को भी 51 कदम चलने के लिए कहा गया.
.jpeg)
पुलिस आरोपियों की पहचान में जुटी है
महिला जब ठगों की बात मानकर 51 कदम चलकर वापस लौटीं, तब तक दोनों युवक बैग लेकर फरार हो चुके थे. बैग में करीब 10 लाख रुपये के जेवर और महिला का मोबाइल था. ठगी का अहसास होने के बाद महिला ने पुलिस को सूचना दी. शिकायत के आधार पर नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. नगर थाना प्रभारी अशोक राम ने बताया कि घटना स्कूल की छुट्टी के समय हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर नजर रख रही है. साथ ही जिले के सभी थानों को भी सतर्क किया गया है.