logo

दुमका में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, कोलकाता STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई 

दुमका में अवैध मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, कोलकाता STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई 

द फॉलोअप डेस्क
​दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत रामगढ़ मोड़ के समीप रेलवे ओवरब्रिज के पास पुलिस ने बुधवार देर शाम एक अवैध हथियार निर्माण ठिकाने का पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस त्वरित छापेमारी में पुलिस ने एक किराए के मकान से भारी मात्रा में हथियार बनाने के उपकरण और लेथ मशीन बरामद कर पूरे परिसर को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप का माहौल है। यह पूरी कार्रवाई कोलकाता एसटीएफ (STF) से मिली सटीक इनपुट के आधार पर की गई। दरअसल, कुछ दिनों पूर्व कोलकाता एसटीएफ ने हथियार तस्करी के एक मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया था। कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हंसडीहा स्थित इस गुप्त ठिकाने पर अवैध पिस्टल और देशी कट्टे तैयार किए जाने की जानकारी साझा की थी।


मशीन और घातक उपरकरण बरामद
​सूचना की पुष्टि होते ही दुमका पुलिस ने कोलकाता एसटीएफ के साथ मिलकर चिन्हित मकान की घेराबंदी की और छापेमारी शुरू की। तलाशी के दौरान कमरों से हथियार ढालने और फिनिशिंग देने में इस्तेमाल होने वाली लेथ मशीन तथा कई अन्य घातक उपकरण बरामद हुए। घटना की गंभीरता को देखते हुए दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस सफल ऑपरेशन में हंसडीहा सर्किल इंस्पेक्टर प्रियंका आनंद, हंसडीहा थाना प्रभारी अजीत यादव, सरैयाहाट थाना प्रभारी अनुज कुमार, रामगढ़ थाना प्रभारी मनीष कुमार और जामा थाना प्रभारी अजीत कुमार समेत कोलकाता एसटीएफ की टीम शामिल रही।


पुलिस जांच में जुटी 
​मामले की जानकारी देते हुए एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि मौके से बरामद उपकरणों को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह खंगालने में जुटी है कि इस ठिकाने से तैयार हथियार कहां-कहां सप्लाई किए जा रहे थे और इस अंतरराज्यीय सिंडिकेट के पीछे किन-किन लोगों का हाथ है। जल्द ही मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की उम्मीद है।

Tags - Dumka Hansdiha Illegal Arms Kolkata STF Crime News