logo

मानसून के आगमन से किसानों में उत्साह, खेत खलिहान हुए गुलजार

dhan2.jpg

अमन मिश्रा, सिमडेगाः

राज्यभर में झमाझम बारिश के साथ ही मानसून ने दस्तक दे दी है। पिछले तीन दिनों से तो रुक रुक कर लगभग हर जिले में झमाझम बारिश हो रही है। इसी के साथ सिमडेगा जिले में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। इसलिए इस बार अच्छी बारिश होने की उम्मीद जागी है। इधर तीन दिनों से हो रही बारिश के बाद किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। खेतों में जश्न का माहौल है। किसान सुबह से शाम तक खेतो में ही अपने पूरे परिवार के साथ दिखाई दे रहे हैं। हल-बैल के सहारे अपने-अपने खेत की जुताई में करने में लग गए हैं। कोई ट्रैक्टर से जुताई कर रहा है। कोई खेतों में खाद डाल रहा है तो कोई धान का बिचड़ा डालने की तैयारी में है। इतना ही नहीं मूंगफली, पेचकी, बोदी आदि खरीफ फसल की बुआई की भी तैयारी तेज हो गई है। किसान परिवार का हर सदस्य खेती कार्य मे मशगूल है। खेती का यह जश्न अभी कई महीनों तक जिले मे जारी रहेगा। इस दौरान ग्रामीण क्षेत्र में घर-घर दावत भी मिलेगी। कभी हल जोताई के नाम पर, तो कभी धान रोपनी के नाम पर।  इधर खेतों में पानी जमते ही मेंढकों के टार्टरहट की आवाज से भी खेत गुलजार हो रहे हैं। बारिश के इस माहौल में बच्चों की टोली भी मस्ती करने में पीछे नहीं है। बच्चे खेतों में केकड़ा मारकर मस्ती कर रहे हैं।

 

खाद और बीज दुकानों में उमड़ने लगी है भीड़

इधर बारिश के बाद खाद दुकानदारों ने भी तैयारी तेज कर दी है। जहां किसानों की भीड़ दिखने लगा है। किसान खाद और बीज दुकान में जाकर खाद और बीज की खरीदारी करने में जुटे हैं। वहीं बीज कंपनियां भी कई खासियत बता किसानों को लुभाने में जुटे हैं। हालांकि महंगाई ने किसानों के इस उत्साह को थोड़ा कम कर दिया है। महंगाई अधिक होने के कारण कई किसान उतना अधिक खेती नही कर पा रहे हैं, जितना उन्होंने करने का लक्ष्य रखा था। 

ट्रैक्टर मालिकों का बढ़ा भाव

इधर बारिश शुरू होते ही ट्रैक्टर मालिकों का भाव भी बढ़ गया है। हल जोतने वाले ट्रैक्टर के मालिक भी मौका फायदा उठाने में पीछे नहीं है। वे प्रति घंटे के हिसाब से किसानों से मोटी रकम वसूलने में लगे हैं। ट्रैक्टर मालिकों द्वारा हल जोताई का रेट बढ़ा दिए जाने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है।

 हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N