लोहरदगा:
लोहरदगा की सड़कों पर सन्नाटा है। दिन दहशत में गुजरता है और रातें खौफ में। तनाव ऐसा कि पता नहीं कब क्या हो जाये। इस मुर्दा शांति के बीच जब लोग अपने घरों में दुबके हैं, एक पुलिस अधिकारी सांप्रदायिकता के बीच शिक्षा की अलख जगाने निकल पड़ा है। नाम है, विकासचंद्र श्रीवास्तव। विकासचंद्र श्रीवास्तव डीएसपी हैं। डीएसपी विकासचंद्र श्रीवास्तव जिले में बीते कुछ दिनों से जारी तनाव, संदेह, शक और निशब्द शांति के बीच पाठशाला लगा रहे हैं।

लोहरदगा में हालात काफी तनावपूर्ण हैं
डीएसपी विकासचंद्र श्रीवास्तव लोहरदगा में अतिरिक्त प्रभार पर तैनात हैं। जिले में हालात कितने तनावपूर्ण हैं इसका अंदाजा कुछ आंकड़ों से लगाया जा सकता है। हिंसा के 126 घंटे बाद यहां इंटरनेट सेवा बहाल की गई है। जिले में 2 डीआईजी, 6 एसपी और 12 डीएसपी तैनात हैं। रांची प्रक्षेत्र के डीआईजी अनीस गुप्ता हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। हजारों की संख्या में यहां पुलिस के जवान तैनात हैं ताकि कोई अप्रिय घटना ना घट जाये। लोगों का भरोसा एक दूसरे से उठ गया है।
दहशत के बीच स्कूल नहीं आना चाहते बच्चे
बच्चे स्कूल नहीं आना चाहते। कोरोना महामारी की वजह से लंबे समय बाद स्कूल खुले हैं। ऐसे में दहशत के मारे बच्चों का स्कूल नहीं आना चिंताजनक है। यही वजह है कि डीएसपी विकासचंद्र श्रीवास्तव ने बच्चों को पढ़ाने का बीड़ा उठाया।
बच्चों को पढ़ाने का नैतिक कर्तव्य भी निभाते हैं
विकास के कंधों पर जिले की विधि-व्यवस्था बनाए रखने की बड़ी जिम्मेदारी है। इस बीच अपने दायित्वों का निर्वाह करते हुए डीएसपी विकास बच्चों को पढ़ाने का नैतिक कर्तव्य निभा रहे हैं। इस अधिकारी का लक्ष्य है कि कम से कम बच्चों की जिंदगी पटरी पर लौट आए। उनकी पढ़ाई प्रभावित ना हो इसलिए डीएसपी रोज उन्हें पढ़ा रहे हैं। उनका मानना है कि शिक्षा ही वो माध्यम है जो सांपद्रायिकता के सड़ांघ भरे माहौल में अमन, शांति और चैन का सुगंधित वातावरण तैयार कर सकता है।

पत्नी भी अधिकारी के प्रयास का समर्थन करती हैं
डीएसपी विकासचंद्र श्रीवास्तव कहते हैं कि पुलिस अधिकारी होने के नाते समाज के प्रति मेरी नैतिक जिम्मेदारियां भी हैं। मैं उसी का निर्वाह कर रहा हूं। बच्चों को पढ़ाना मुझे अच्छा लगता है। कई बच्चे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। इस माहौल में उनकी तैयारी प्रभावित नहीं होनी चाहिये। विकासचंद्र श्रीवास्तव की पत्नी भी इस काम में उनका समर्थन करती हैं।