पाकुड़
पाकुड़ जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 6.37 ग्राम ब्राउन शुगर और 2100 रुपये नकद बरामद किए हैं। मंगलवार को आयोजित प्रेस वार्ता में पाकुड़ पुलिस अधीक्षक (SP) अनुदीप सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के कालिकापुर स्थित बंद पड़ी बीड़ी फैक्ट्री के पीछे तालाब के पास अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सत्यापन और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कुमार गौरव, पाकुड़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। गठित टीम दंडाधिकारी के साथ बताए गए स्थान पर पहुंची, जहां कुछ लोग बैठकर बीड़ी और सिगरेट पी रहे थे। पुलिस की गाड़ी देखते ही वहां मौजूद लोग भागने लगे।
.jpg)
गिरफ्तार व्यक्ति पश्चिम बंगाल का
इसी दौरान पुलिस ने अवैध रूप से ब्राउन शुगर की पुड़िया बेच रहे एक व्यक्ति को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमजान शेख (37 वर्ष), पिता- नौसाद शेख, निवासी ग्राम सेकपुर, थाना शमशेरगंज, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास रखे दो सिगरेट के डिब्बों से सिल्वर फॉयल में लिपटी कुल 29 पुड़िया ब्राउन शुगर (6.37 ग्राम) तथा 2100 रुपये नकद बरामद किए गए। इस मामले में पाकुड़ नगर थाना कांड संख्या-147/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 21(b) और 22(a) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। पाकुड़ एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि पुलिस जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि मादक पदार्थों की बिक्री, सेवन या अवैध रूप से रखने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
.jpg)
नशा कारोबारियों को पुलिस की सख्त चेतावनी
ऐसे लोगों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने नशे के कारोबार से जुड़े लोगों से तत्काल इस गतिविधि को छोड़ने की अपील करते हुए कहा कि यदि वे नहीं सुधरे तो पाकुड़ पुलिस उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाने का काम करेगी। गौरतलब है कि पाकुड़ जिले में 15 जून से 26 जून तक विशेष नशा मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर भी लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री, भंडारण या सेवन की जानकारी मिले तो तुरंत डायल 112 पर सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पाकुड़ पुलिस का कहना है कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए जनता और पुलिस की साझी भागीदारी बेहद जरूरी है।