रांची
राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देशानुसार झारखंड में नशामुक्ति अभियान की शुरुआत की गई है। इसी क्रम में पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य विभाग द्वारा मादक पदार्थों के सेवन के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से गुरुवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान स्थित बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक भव्य मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इस मैराथन दौड़ को पर्यटन, कला-संस्कृति, खेल-कूद एवं युवा कार्य मंत्री सुदिव्य कुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
.jpg)
झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचाना
वहीं दौरान उन्होंने कहा कि मैराथन दौड़ में शामिल युवाओं के हर कदम का संकल्प झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से बचाना है। झारखंड को मादक पदार्थों के दुरुपयोग से नशामुक्त करना मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का संकल्प है और मैराथन दौड़ में शामिल युवाओं ने उनके संकल्प को पूरा करने के लिए कदम से कदम मिलाकर साथ चलने का प्रण लिया है। मंत्री ने आगे कहा कि झारखंड के युवा न केवल नशामुक्ति अभियान को सफल बनाएंगे, बल्कि राज्य को सशक्त, स्वस्थ और समृद्ध बनाने में भी अहम योगदान देंगे। इस मैराथन में रांची के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में आम नागरिकों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
.jpg)
नशामुक्त समाज के निर्माण का शपथ
प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति और स्वस्थ जीवन का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। वहीं कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुदिव्य कुमार ने उपस्थित प्रतिभागियों को नशा न करने और नशामुक्त समाज के निर्माण का शपथ दिलाया। साथ ही उन्होंने अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित समापन समारोह में मैराथन के विजेताओं को पुरस्कृत भी किया। साइकिलिंग प्रतियोगिता के विजेता (पुरुष वर्ग) में प्रथम- शरद अहीर, द्वितीय- सुभाष उरांव और तृतीय स्थान पर गुलशन डूंगडूंग रहे। वहीं महिला वर्ग में प्रथम- पूजा सिंह, द्वितीय- निशा कुमारी और तृतीय स्थान मंजू कुमारी ने हासिल किए। कार्यक्रम के दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।