द फॉलोअप डेस्कः
गढ़वा से रांची जा रही एक बस के ड्राइवर को हार्ट अटैक आने की घटना सामने आई है। ड्राइवर का नाम वीरेंद्र पांडेय है। जानकारी के अनुसार, वह गढ़वा से रांची की ओर यात्रा कर रहा था और बस स्टैंड से निकलने के करीब आधे घंटे बाद उसकी तबियत खराब हो गई। उस समय बस की स्पीड लगभग 80 किमी/घंटा थी, और वह तहले नदी के पुल को पार कर रहा था। ड्राइवर को अचानक सीने में दर्द हुआ और वह बस चलाते हुए गिर पड़ा। बस में उस समय करीब 50-60 यात्री सवार थे। ड्राइवर के गिरने के बाद, यात्रियों ने मिलकर उसे CPR दिया और उसकी जान बचाई। इसके बाद उसे मेदिनीनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद दूसरी बस से यात्रियों को रांची भेजा गया।
बताया जा रहा है कि सुबह 9:10 बजे बस गढ़वा के रंका मोड़ से रवाना हुई थी और बस स्टैंड से लगभग 13 किमी दूर तहले नदी के पुल के पास ड्राइवर को अचानक हार्ट अटैक आया। ड्राइवर ने जैसे-तैसे पांच से दस सेकंड के भीतर पुल पार किया और फिर बेहोश हो गया। इस स्थिति को देखकर बस में सवार यात्री घबराए। गढ़वा प्रखंड के झूरा गांव के निवासी मनीष तिवारी ने बताया कि ड्राइवर के बेहोश होने के बाद उन्होंने तुरंत गढ़वा के डॉक्टर निशांत सिंह से संपर्क किया। डॉक्टर के निर्देश पर, यात्रियों ने ड्राइवर को मुंह में सांस भरने के साथ-साथ छाती पर CPR देना शुरू किया।
मेदिनीनगर के नारायण सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सचिन ने बताया कि ड्राइवर को हार्ट अटैक आया था, लेकिन यात्रियों के समय पर किए गए CPR की वजह से उसकी जान बच गई। गढ़वा के डॉक्टर निशांत ने भी हार्ट अटैक की संभावना जताई और पंपिंग करने की सलाह दी थी।