रांची
डोरंडा स्थित गोरखा चौक, नेपाल हाउस परिसर में रविवार को भगवान बुद्ध जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व छोटानागपुर बौद्ध सोसाइटी के अध्यक्ष सुरेन तामंग ने किया। सुबह से ही महिला श्रद्धालुओं की भीड़ पूजा-अर्चना में जुटी रही। खासतौर पर दार्जिलिंग से आए लामाओं ने पूजा विधि संपन्न करवाई।
सिद्धार्थ नगर स्थित हॉस्पिटल लाइन में पारंपरिक 'लुंगदर झंडा' फहराया गया और विशेष पूजा हुई। इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक डॉ. रामेश्वर उराँव और कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आलोक कुमार दूबे भी उपस्थित रहे। दोनों ने भगवान बुद्ध की पूजा कर राज्य में शांति और समृद्धि की कामना की।
डॉ. उराँव ने कहा, “बुद्ध का जीवन संदेश आज भी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। पंचशील वचनों को अपनाकर हम एक समतामूलक समाज बना सकते हैं।” इधर, जैप-1 परिसर में भी बुद्ध जयंती समारोह उत्साह से मनाया गया। प्रभात फेरी की अगुवाई समादेष्टा राकेश रंजन और आलोक कुमार दूबे ने की। आयोजन का नेतृत्व पेमेन जिम्बा ने किया।
समारोह में आलोक दूबे ने कहा, “बुद्ध जयंती समस्त मानव समाज के लिए शांति और सहिष्णुता का प्रतीक है। गांधीजी ने भी बुद्ध के सिद्धांतों को अपनाया था। जरूरत है कि हम भीतर की शांति के साथ अन्याय के विरुद्ध भी खड़े हों।”
कार्यक्रम के अंत में रांचीवासियों को बुद्ध पूर्णिमा की शुभकामनाएँ दी गईं। आयोजन की सफलता में छोटानागपुर बौद्ध सोसाइटी, जैप-1 गुंबा समिति और स्थानीय नागरिकों की भूमिका सराहनीय रही।