द फॉलोअप डेस्क
मोरहाबादी मैदान में होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह के दौरन आपको कुत्ते नजर नहीं आएंगे। अब आप सोच रहेंगे ऐसा क्यों... तो आपको बता दें कि समारोह के दौरान किसी प्रकार की खलल न पड़े इसके लिए स्ट्रीट डॉग को मोरहाबादी मैदान के आसपास नहीं रहने दिया जाएगा। मतलब कार्यक्रम के दौरान मैदान के आसपास एक भी स्ट्रीट डॉग नजर नहीं आएगा। दरअसल दक्षिणी छोटानागपुर के प्रमंडलीय आयुक्त प्रवीण कुमार टोप्पो ने गणतंत्र दिवस पर मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की चल रही तैयारियों की 19 जनवरी को समीक्षा की। जिसमें उन्होंने समारोह स्थल पर सुरक्षा और विधि व्यवस्था के साथ पंडाल निर्माण, मैदान समतलीकरण, गैलरी निर्माण, बैरिकेडिंग, मंच निर्माण, साउंड सिस्टम, पेयजल व्यवस्था, साफ सफाई, सड़कों की मरम्मत, चिकित्सा व्यवस्था अग्निशमन व्यवस्था, झांकी निर्माण और परेड की चल रही तैयारियों आदि की जानकारी ली। वहीं, समारोह स्थल के आसपास से स्ट्रीट डॉग्स को पकड़ कर अन्यत्र ले जाने का भी उन्होंने निर्देश दिया।

यह भी पढ़ें: रांची : पंकज मिश्रा की शिकायत याचिका पर हुई सुनवाई, ईडी के अधिकारियों पर तथ्य छुपाने का है आरोप
27 जनवरी तक झांकी रखने पर सहमति
गणतंत्र दिवस समारोह के लिए जिन झांकियों का चयन किया गया है, उनका पूर्वाभ्यास (ड्राई रन) कराने का निर्देश प्रमंडलीय आयुक्त ने दिया। उन्होंने कहा कि इससे समारोह में उसका सफल प्रदर्शन हो सकेगा। समारोह स्थल पर 27 जनवरी तक झांकियों को रखे जाने पर भी उन्होंने सहमति जताई। बैठक में परेड में भारतीय सेना की टुकड़ी और आईआरबी की सहभागिता पर भी विचार विमर्श हुआ। प्रमंडलीय आयुक्त ने परेड के पूर्वाभ्यास को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली।

साफ सफाई के साथ सड़कों की मरम्मत के भी निर्देश
प्रमंडलीय आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि मोरहाबादी मैदान स्थित समारोह स्थल आने वाले सभी रास्तों की मरम्मत और साफ सफाई की जाए। पेयजल सुविधा, चिकित्सा एवं अग्निशमन की व्यवस्था हो। साथ ही समारोह स्थल के आसपास की गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया गया। वहीं, कार्यक्रम कवरेज को लेकर मीडिया कर्मियों के लिए समुचित व्यवस्था करने का भी निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया। प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त, डीडीसी दिनेश कुमार यादव, एसएसपी, प्रभारी सिटी व ट्रैफिक एसपी नौशाद आलम और डीटीओ प्रवीण प्रकाश सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: http://https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT