पाकुड़
पाकुड़ जिला प्रशासन एवं जिला ओलंपिक संघ के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक दिवस के अवसर पर आयोजित खेल सप्ताह के दूसरे दिन बैंक कॉलोनी स्टेडियम में जिला स्तरीय साइकिलिंग एवं एथलेटिक्स प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए युवा खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया और अपनी प्रतिभा व खेल कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। साइकिलिंग प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अर्धेन्दु गांगुली एवं सचिव रणवीर सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। इस प्रतियोगिता के बालक एवं बालिका वर्ग में कुल 50 धावकों व साइकिलिस्टों ने अपनी ताकत झोंकी।
.jpeg)
उत्कृष्ट क्षमता का प्रदर्शन
विभिन्न आयु वर्गों में आयोजित इस स्पर्धा के दौरान खिलाड़ियों ने गजब का अनुशासन, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक उत्साह दिखाया। गति, सहनशक्ति और उत्कृष्ट क्षमता का प्रदर्शन कर खिलाड़ियों ने स्टेडियम में मौजूद दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता के कड़े मुकाबले के बाद बालक वर्ग अंडर-16 बिबेक दास ने प्रथम, सुदीप दास ने द्वितीय तथा राज गोराई ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं बालक वर्ग (अंडर-20) समीर अंसारी पहला, नज़मी शेख ने दूसरा और बादल राज कुमार ने तीसरे स्थान पर कब्ज़ा जमाया। बालिका वर्ग (अंडर-16) अंकिता मंडल ने बाजी मारते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं रेयाक्षा प्रवीण द्वितीय व सौमी दुबे तृतीय स्थान पर रहीं। बालिका वर्ग (अंडर-20) सुधा कुमारी पासवान ने प्रथम, लक्ष्मी भगत ने द्वितीय तथा कल्याणी सरकार ने तृतीय स्थान पर बाजी मारी।
.jpg)