द फॉलोअप, रांची
स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग ने अस्पताल प्रबंधक के पद के लिए अनुशंसित अभ्यर्थियों के बीच नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को स्थगित कर दिया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने अस्पताल प्रबंधक पद पर नियुक्ति के लिए 156 अभ्यर्थियों के नामों की अनुशंसा की थी। इन अभ्यर्थियों के बीच 3 सितंबर को नामकुम स्थित आरसीएच में नियुक्ति पत्र वितरण किया जाना था। लेकिन अनुशंसित अभ्यर्थियों के चयन में भारी पैमाने पर मिली गड़बड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप के बाद स्वास्थ्य विभाग ने इसकी जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी में अवर सचिव संदीप कुमार दोराईबुरू, उप सचिव ध्रुव प्रसाद और प्रशाखा पदाधिकारी माधवी को शामिल किया गया था। इस कमेटी को दो सितंबर तक विभाग को रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया था। जानकारी के अनुसार कमेटी ने जांच के क्रम में भारी गड़बड़ी को रेखांकित किया है। हालांकि आज दो सितंबर को कमेटी द्वारा रिपोर्ट नहीं सौंपे जाने की सूचना है। क्योंकि अनुशंसित 156 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्रों की जांच पूरी नहीं हो सकी है।
यहां मालूम हो कि एनएचएम ने राज्य के विभिन्न अस्पतालों में अस्पताल प्रबंधक के 201 पदों के लिए विज्ञापन निकाला था। इसके विरुद्ध अभियान निदेशक के आदेश संख्या-2577 (MD), दिनांक 20 अगस्त 2026 के तहत 156 अभ्यर्थियों को नियुक्ति के लिए योग्य बताया गया था। उनके नामों की अनुशंसा की गयी थी। सूत्रों के अनुसार जांच के क्रम में कई तरह की गड़बड़ी और भ्रष्टाचार सामने आए हैं। कई अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन और ऑफ लाइन आवेदन में भारी विसंगति पायी गयी है। अभ्यर्थी ने बीसी-1 के लिए ऑनलाइन आवेदन किया। लेकिन सर्टिफिकेट ओबीसी का जमा किया। जब डोक्युमेंट वेरीफिकेशन हुआ तो बीसी-1 का सर्टिफिकेट दिखाया। इसी तरह कई अभ्यर्थियों ने फोटो शॉप से अपने सर्टिफिकेट को बना कर जमा किया है, जो स्पष्ट रूप से जाली पाया गया है। इसके अलावा कई अभ्यर्थियों का उम्र अंडर एज या ओवर एज भी पाया गया है। इस तरह की गड़बड़ी की जानकारी अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को दिए जाने के बाद 3 सितंबर को नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को स्थगित कर दिया गया है।
चयन सूची पर अभ्यर्थियों ने की थी शिकायत
झारखंड में अस्पताल प्रबंधक (Hospital Manager) पद पर चयन को लेकर अभ्यर्थियों ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के समक्ष गंभीर सवाल उठाए थे। अभ्यर्थियों ने स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र भेजकर चयनित सूची में कथित अनियमितताओं की जांच कराने और योग्य अभ्यर्थियों को अंतिम सूची में शामिल करने की मांग की थी। अभ्यर्थियों के अनुसार, अस्पताल प्रबंधक पद के लिए विज्ञापन संख्या 01/2025 (HM) 1646MD, दिनांक 02 मार्च 2026 के विरुद्ध आवेदन किया गया था। इसके बाद विभाग के 12 जून 2026 और 21 जुलाई 2026 के पत्रों के माध्यम से अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया और अलग-अलग तिथियों पर साक्षात्कार लिया गया। इसके बाद विभाग की ओर से 20 अगस्त 2026 को Provisional List जारी की गई। उसके बाद अभ्यर्थियों ने इस सूची को लेकर कई आपत्तियां दर्ज कराई।
