logo

आसनसोल मंडल का मानकर स्टेशन बना डिजिटल टिकटिंग का मॉडल, 90 फीसदी से अधिक बुकिंग ATVM और RailOne ऐप से

railway2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

पूर्व रेलवे का आसनसोल मंडल यात्रियों को तेज, सुविधाजनक एवं सहज यात्रा अनुभव के लिए डिजिटल माध्यमों से टिकट बुकिंग का अधिकाधिक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। डिजिटल टिकटिंग यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे बुकिंग काउंटरों पर लंबी कतारों में कमी आती है, प्रतीक्षा समय घटता है तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से टिकटिंग सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित होती है। यात्री स्टेशनों पर उपलब्ध ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) तथा रेलवन (RailOne) मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से आसानी से अपने यात्रा टिकट प्राप्त कर सकते हैं, जिससे तेज, सहज एवं संपर्क रहित टिकट बुकिंग संभव हो रही है।

डिजिटल टिकटिंग अपनाने का एक उत्कृष्ट उदाहरण 

इन डिजिटल प्लेटफॉर्मों का बढ़ता उपयोग भारतीय रेल की कुशल, यात्री हितैषी एवं प्रौद्योगिकी आधारित सेवाएं प्रदान करने की परिकल्पना को और सशक्त बना रहा है। इस सतत डिजिटल परिवर्तन अभियान के अंतर्गत मानकर रेलवे स्टेशन डिजिटल टिकटिंग अपनाने का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा है। 25 जून को स्टेशन पर कुल टिकट बुकिंग में से 90.14% टिकटों की बुकिंग डिजिटल माध्यमों से की गई। इनमें से 76.07% टिकटों की बुकिंग ATVM के माध्यम से तथा 14.07% टिकटों की बुकिंग रेलवन (RailOne) मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से की गई। आसनसोल मंडल ने मानकर के यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग अपनाकर एक उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करने के लिए धन्यवाद किया है। रेल मंडल के अन्य सभी यात्रियों से भी अपील की है कि वे तेज, स्मार्ट एवं अधिक सुविधाजनक यात्रा के लिए डिजिटल टिकटिंग सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें।

Tags - Eastern Railway Asansol Division Digital Ticketing Indian Railways Railway Station Services