logo

दिव्यांग ने लगायी पुलिस से आवास खाली कराने की गुहार

5562.jpg

द फॉलोअप, रांची
रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के सेक्टर-4 स्थित आवास संख्या A-45/IV के निवासी संजीत कुमार सिंह ने अपने आवास पर कथित अवैध कब्जा हटाने तथा सुरक्षा प्रदान करने की मांग को लेकर थाना प्रभारी को आवेदन सौंपा है। आवेदन में उन्होंने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय रामसेवक सिंह एचईसी के कर्मचारी थे, जिनकी ड्यूटी के दौरान मृत्यु हो गई थी। इसके बाद वर्ष 2003 में उक्त आवास उन्हें आवंटित किया गया था। संजीत कुमार सिंह का कहना है कि गंभीर बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण उन्हें इलाज के लिए बाहर रहना पड़ा, जिससे आवास की देखरेख नहीं हो सकी।

आवेदक के अनुसार, इस दौरान कुछ लोगों ने आवास पर कब्जा कर लिया और उनके लौटने पर उन्हें घर में प्रवेश नहीं करने दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि आवास में रह रहे लोग लगातार धमकी दे रहे हैं तथा घर के सामान का भी दुरुपयोग कर रहे हैं। संजीत कुमार सिंह ने यह भी दावा किया कि संबंधित आवास से अवैध गतिविधियों का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर अवैध कब्जा हटाने, दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उन्हें उनके आवास में पुनः प्रवेश दिलाने की मांग की है। पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


 

Tags - Jharkhand HEC housing allotment vacant differently-abled Sanjit Kumar