द फॉलोअप डेस्कः
आज बागेश्वरधाम सरकार धीरेंद्र नाथ शास्त्री देवघर आने वाले हैं। वह बाबा बैद्यनाथ की नगरी देवघर में प्रवचन करेंगे। संभावना है कि देवघर कॉलेज मैदान में उनका कार्यक्रम होगा। धीरेंद्र शास्त्री का प्रवचन को लेकर पूरी तैयारी कर ली गई है। जानकारी हो कि देवघर में उनका यह पहला कार्यक्रम होगा। आज वह देवघर आएंगे और बाबा बैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद देवघर कॉलेज मैदान में प्रवचन देंगे।
पहले 2 दिन की बात हो रही थी
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के देवघर आगमन को लेकर लोगों में काफी उत्साह है। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 15 मार्च, 2024 को झारखंड के देवघर कॉलेज के मैदान में लोगों को हनुमान कथा सुनाने वाले हैं। देवघर में बाबा बागेश्वर का एक दिवसीय कार्यक्रम होगा। इसकी पुष्टि हो चुकी है। दरअसल, पहले चर्चा थी कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का हनुमान कथा का कार्यक्रम देवघर में 14 और 15 मार्च को होगा। मगर इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
बिहार, बंगाल, झारखंड से पहुंच रहे लोग
कार्यक्रम के लिए कोई इंट्री पास की सुविधा नहीं होगी। कार्यक्रम की व्यवस्था में पांच हजार वालंटियर तैनात रहेंगे। सिर्फ वालंटियर को इंट्री पास दी गयी है। बागेश्वर धाम सरकार के इस संत सम्मेलन में दिव्य दरबार नहीं लगेगा। इस कार्यक्रम में अर्जी नहीं लगेगी व पर्ची नहीं निकलेगी। बाबा धीरेंद्र शास्त्री सिर्फ आध्यात्मिक प्रवचन देंगे। इस संत सम्मेलन में बिहार, झारखंड व पश्चिम बंगाल से कई सांसद व केंद्रीय मंत्रियों के पहुंचने की संभावना है। बागेश्वरधाम सरकार का प्रवचन सुनने 14 मार्च को सुबह से ही बिहार, झारखंड व पश्चिम बंगाल से श्रद्धालु देवघर कॉलेज मैदान पहुंचना शुरू कर दिये हैं।