द फॉलोअप डेस्क, रांची
जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार के निर्देश पर पार्टी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी को राष्ट्रीय सचिव सह पश्चिम बंगाल प्रभारी बनाए जाने के बाद उन्होंने पार्टी के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद संजय झा से उनके पटना स्थित आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान तिवारी ने उन्हें पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि जल्द ही वे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार एवं युवा नेता निशांत कुमार से भी मुलाकात करेंगे।

इस अवसर पर तिवारी ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने उन पर जो विश्वास जताया है, उसे वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पूरा करेंगे। पश्चिम बंगाल के साथ-साथ झारखंड में भी पार्टी संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। दोनों राज्यों के कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित कर संगठन का विस्तार किया जाएगा तथा अधिक से अधिक नए लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि झारखंड के वरिष्ठ नेता एवं जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय उनके आदर्श हैं। उनका मार्गदर्शन उन्हें हमेशा मिलता रहा है। उनके अनुभव, विचारों और सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर उनके मार्गदर्शन में झारखंड में जनता दल (यूनाइटेड) संगठन को संवारने और मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष खीरू महतो जी के विचारों को आत्मसात करेंगे।
.jpeg)