logo

धनबाद में पुल के पिलर से लटका मिला व्यक्ति का शव

धनबाद में पुल के पिलर से लटका मिला व्यक्ति का शव

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह खुदिया नदी पुल के पास एक व्यक्ति का शव फंदे से लटका मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शव पुल के पिलर से रस्सी के सहारे लटक रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गयी। बताया जाता है कि सुबह कुछ लोग शौच के लिए नदी की तरफ गये थे। इसी दौरान उनकी नजर पुल के पिलर से लटके शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और पुलिस को सूचना दी गयी।


काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने नीचे उतारा शव
सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद रस्सी की मदद से शव को नीचे उतारा। इसके बाद मृतक के कपड़ों की तलाशी ली गयी, जिसमें उसकी जेब से एक आधार कार्ड बरामद हुआ। आधार कार्ड पर नरेश कुमार विश्वकर्मा, निवासी आनंद नगर, सरायढेला, धनबाद का नाम दर्ज है। हालांकि, आधार कार्ड पर लिखे नाम के आधार पर मृतक की पहचान की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मृतक की वास्तविक पहचान सुनिश्चित करने में जुटी है।


हत्या या आत्महत्या, सभी पहलुओं पर जांच कर रही पुलिस
गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद रावत ने बताया कि खुदिया नदी पुल के पास एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति की मौत हत्या के कारण हुई है या उसने आत्महत्या की है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। वहीं, मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि के लिए भी पुलिस आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Tags - Dhanbad NewsJharkhand CrimeDead Body FoundGovindpur PolicePolice Investigation