धनबाद:
धनबाद जिले के कतरास में रविवार सुबह अवैध कोयला खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। रामकनाली ओपी क्षेत्र के केशलपुर कुम्हारपट्टी में कोयला चुनने के दौरान अचानक खदान की चाल धंस गई। हादसे में एक महिला समेत दो लोगों की मौत होने की सूचना है, जबकि तीन लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकाले जाने की बात सामने आ रही है। मलबे के नीचे अभी भी कई अन्य लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
.jpeg)
अवैध सुरंग में कोयला काटने के दौरान हुआ हादसा
स्थानीय लोगों के अनुसार, केशलपुर कुम्हारपट्टी इलाके में कुछ लोग रविवार सुबह अवैध सुरंग में कोयला काटने और चुनने के लिए गए थे। इसी दौरान करीब सुबह सात बजे अचानक सुरंग का ऊपरी हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। चाल धंसने से वहां मौजूद कई लोग मलबे में दब गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने कुदाल और गैंता से शुरू किया राहत कार्य
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कुदाल और गैंता की मदद से मलबा हटाकर लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान दो शवों को बाहर निकाले जाने की बात सामने आई है। वहीं, तीन लोगों को घायल अवस्था में बाहर निकालकर स्थानीय नर्सिंग होम में इलाज के लिए भेजे जाने की सूचना है।
.jpeg)
मृतकों में एक महिला शामिल
स्थानीय लोगों के अनुसार, मृतकों में केवटकुली निवासी मुनिया देवी और बेलोंजाबाद निवासी एक व्यक्ति शामिल हैं। हालांकि दूसरे मृतक की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। हादसे में घायल लोगों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर भी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका
बताया जा रहा है कि हादसे के समय अवैध सुरंग के अंदर और आसपास कई लोग मौजूद थे। ऐसे में मलबे के नीचे और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोग लगातार मलबा हटाने में जुटे हुए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।