logo

धनबाद : केंदुआडीह में जहरीली गैस से अब तक तीन की मौत, BCCL प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप

केंदुआडीह में जहरीली गैस से अब तक तीन की मौत, BCCL प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप

धनबाद 
झारखंड के धनबाद जिले के केंदुआडीह (पीबी एरिया) में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड के कोलियरी क्षेत्र से निकल रही जहरीली गैस ने एक और जान ले ली है। ताजा घटना के बाद इस गैस रिसाव से अब तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिससे पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। सोमवार रात गैस के प्रभाव में आने से 46 वर्षीय सुरेंद्र कुमार सिंह की हालत बिगड़ गई। परिजनों ने उन्हें अचेत अवस्था में अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगी।


इससे पहले भी इसी इलाके में गैस रिसाव की वजह से दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। कई अन्य स्थानीय लोगों को सांस लेने में तकलीफ, उल्टी, सिरदर्द और आंखों में जलन जैसी शिकायतें हुई हैं, जिनका इलाज अलग-अलग अस्पतालों में चल रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गैस की समस्या बनी हुई है, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया गया।


घटना के बाद गुस्साए लोगों ने BCCL प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि कोलियरी क्षेत्र से निकलने वाली जहरीली गैस ने उनके दैनिक जीवन को खतरे में डाल दिया है। कई परिवारों ने प्रशासन से सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरण और मुआवजे की मांग भी की है।
प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य जारी रखने की बात कही गई है। प्रभावित इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही गैस रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों की मांग है कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक जिम्मेदार अधिकारियों और BCCL प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest