द फॉलोअप डेस्क
बोरियो के झामुमो विधायक धनंजय सोरेन ने अपने विधानसभा क्षेत्र में ईसीएल कोल कंपनी द्वारा वनो की अवैध कटाई और खनन का आरोप लगाया है। उन्होंने विधानसभा की प्रश्न एवं ध्यानाकर्षण की विशेष समिति को इस संबंध में पत्र लिख कर उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। पत्र में धनंजय सोरेन ने कहा है कि क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने पाया है कि बोरियो विधानसभा क्षेत्र में इसीएल द्वारा अवैध तरीके से और कायदे कानून को ताक पर रख कर लगभग 30 हजार वृक्षों की कटाई की गयी है। उन्होंने कंपनी द्वारा तय सीमा से अधिक खनन करने का भी आरोप लगाया है। यह भी कहा है कि इससे राजस्व की भारी क्षति हो रही है। इसके अलावा धनंजय सोरेन ने विस्थापितों के पुनर्वास और नौकरी देने के मामले में रैयतों को धोखा देने का आरोप लगाया है। कहा है कि कंपनी में 75 फीसदी स्थानीय को नौकरी नहीं दी जा रही है। उन्होंने विधानसभा की विशेष समति से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने का आग्रह किया है।
