द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में आम लोगों और पुलिस के बीच दूरी कम करने के उद्देश्य से एक नई पहल शुरू की जा रही है। डीजीपी तदाशा मिश्र के निर्देश पर अब हर थाना स्तर पर एक व्हाट्सऐप ग्रुप बनाया जाएगा। इस ग्रुप में इलाके के विभिन्न मोहल्लों के सम्मानित लोगों को जोड़ा जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की सूचना सीधे पुलिस तक पहुंच सके। लोग अपने क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, आपसी विवाद, सड़क हादसों या नशे से जुड़ी जानकारी इस ग्रुप में साझा कर सकेंगे, जिस पर पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।
इसका मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों और पुलिस के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है, ताकि लोग बिना किसी हिचक के अपनी समस्याएं साझा कर सकें। जानकारी के अनुसार, प्रत्येक व्हाट्सऐप ग्रुप के एडमिन संबंधित थाना प्रभारी होंगे। इसमें जिले के एसपी, डीएसपी, पंचायत के मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड पार्षद और स्थानीय गणमान्य लोग भी शामिल रहेंगे, जिससे यह ग्रुप समाज और पुलिस के बीच एक मजबूत कड़ी के रूप में काम करेगा। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि इस पहल से लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत होगी और पुलिस पर भरोसा बढ़ेगा। साथ ही अपराध नियंत्रण में समाज की भागीदारी भी सुनिश्चित हो सकेगी। डीजीपी ने सभी जिलों को इस योजना को गंभीरता से लागू करने के निर्देश दिए हैं और यह भी कहा है कि जहां यह पहल सफलतापूर्वक लागू होगी, उन क्षेत्रों को प्रोत्साहित किया जाएगा।.jpg)