द फॉलोअप डेस्कः
देवघर जिले के देवीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पहरीडीह में स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बुधवार को सातवीं कक्षा की छात्रा मधु कुमारी (13) की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय परिसर में जमकर हंगामा किया।

मधु को सिर दर्द और वायरल फीवर की शिकायत थी। परिजनों का आरोप है कि विद्यालय प्रशासन ने समय पर इलाज नहीं कराया और न ही उन्हें सही वक्त पर सूचना दी गई। मृतका के पिता सरदार यादव ने बताया कि उन्हें स्कूल में पढ़ रही उनकी भतीजी ने फोन कर मधु की तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी। जब वे स्कूल पहुंचे तो वार्डन छुट्टी देने में आनाकानी कर रही थीं। किसी तरह वे बच्ची को लेकर निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई।

वहीं, वार्डन पिंकी कुमारी ने सभी आरोपों को नकारते हुए कहा कि छात्रा की तबीयत खराब होते ही परिजनों को सूचित कर दिया गया था और बच्ची को उनके हवाले कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि मौत के कारणों की जांच होनी चाहिए। इस घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने विद्यालय में प्रदर्शन किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए देवीपुर और बुढ़ई थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। इसी बीच स्कूल की कुछ अन्य छात्राओं की भी तबीयत बिगड़ने की खबर है। जिला प्रशासन की ओर से भेजी गई मेडिकल टीम मौके पर पहुंचकर इलाज में जुटी है।