logo

देवघर में 65 वर्षीय बुजुर्ग की पीट-पीटकर हत्या, जमीन विवाद में धमकी मिलने का आरोप

वह््पो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र के सोनवा डंगाल में शुक्रवार रात 65 वर्षीय रामकी महतो की हत्या से सनसनी फैल गई। शनिवार सुबह सुनसान जगह पर उनका शव मिलने के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मृतक की पहचान बिहरोजी गांव निवासी रामकी महतो के रूप में हुई है। शव पर चोट के कई निशान मिले हैं, जिससे शुरुआती तौर पर पुलिस इसे मारपीट कर हत्या किए जाने का मामला मानकर जांच कर रही है। आशंका है कि वारदात के बाद साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सुनसान स्थान पर फेंका गया।


जमीन विवाद में धमकी मिलने का दावा
मृतक के बेटे प्रवीण महतो ने पुलिस को बताया कि उनके परिवार का कुछ लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि इसी विवाद को लेकर उनके पिता को पहले भी कई बार धमकी दी गई थी। प्रवीण के मुताबिक, उनके पिता रोजाना रात करीब 10 बजे काम खत्म कर घर लौटते थे, लेकिन शुक्रवार रात वह घर नहीं पहुंचे। इसके बाद परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। शनिवार सुबह ग्रामीणों से पिता का शव मिलने की जानकारी मिली।


पुलिस ने शुरू की हत्या की जांच
घटना की सूचना मिलते ही रिखिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार करने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच से सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जमीन विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

Tags - Deoghar News Jharkhand Crime Rikhia News Murder Case Land Dispute