सरायकेला
सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में नए शैक्षणिक सत्र से कुड़मालि भाषा की पढ़ाई शुरू कराने की मांग को लेकर जिला परिषद सरायकेला-खरसावां की उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने प्रभारी प्राचार्य सुनील मुर्मू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि सिंहभूम कॉलेज, चांडिल अनुमंडल का एकमात्र महाविद्यालय है। क्षेत्र के अधिकांश मध्य विद्यालय, उच्च विद्यालय एवं प्लस-टू विद्यालयों में लंबे समय से कुड़मालि भाषा की पढ़ाई होती रही है, लेकिन उच्च शिक्षा स्तर पर इस भाषा की पढ़ाई के लिए 70-80 किलोमीटर के दायरे में कोई सुविधा उपलब्ध नहीं है। इसके कारण कुड़मालि भाषा के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

मधुश्री महतो ने बताया कि चांडिल अनुमंडल क्षेत्र की मातृभाषा एवं प्रमुख संवाद की भाषा कुड़मालि है। यह किसी एक समुदाय की भाषा नहीं, बल्कि क्षेत्र के विभिन्न समुदायों द्वारा व्यापक रूप से बोली और समझी जाती है। इसके बावजूद सिंहभूम कॉलेज में आज तक कुड़मालि भाषा की पढ़ाई शुरू नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है।
उन्होंने प्राचार्य से आग्रह किया कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, अभिभावकों की अपेक्षाओं तथा जनप्रतिनिधियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में नए सत्र से कुड़मालि भाषा की पढ़ाई प्रारंभ कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई की जाए। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को कुड़मालि भाषा के अध्ययन का अवसर मिलेगा और वे अपनी मातृभाषा में उच्च शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे।
वहीं, प्रभारी प्राचार्य सुनील मुर्मू ने कहा कि इस विषय को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में कुड़मालि भाषा की पढ़ाई शुरू कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।