logo

रांची में राजस्व कर्मी की संदिग्ध मौत की SIT जांच की मांग, अर्जुन मुंडा बोले- सुरक्षा सुनिश्चित हो

रांची में राजस्व कर्मी की संदिग्ध मौत की SIT जांच की मांग, अर्जुन मुंडा बोले- सुरक्षा सुनिश्चित हो

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

Jharkhand News: रांची के अरगोड़ा अंचल कार्यालय में पदस्थापित राजस्व कर्मचारी लख्मीकांत मुंडा (Lakshmikant Munda Murder Case) की कथित हत्याकांड का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जहां पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा (Former CM Arjun Munda) ने मामले में सरकार से उचित और ठोस कदम उठाने की मांग की है तो वहीं झारखंड राजस्व उपनिरीक्षक संघ ने फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन करके दोषियों को कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। गौरतलब है कि बीते शनिवार को राजस्व कर्मचारी लख्मीकांत मुंडा की लाश उनके आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिली थी। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखकर हत्या की आशंका जताई गई है। 

अर्जुन मुंडा ने सरकार से कर दी यह मांग
रविवार को रिम्स अस्पताल पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि रांची और आसपास के शहरी-ग्रामीण इलाकों में जिस प्रकार से जमीन माफिया का बोलबाला है, राजस्व कर्मचारियों की जान को खतरा है। उन्होंने कहा कि सरकार को राजस्व कर्मचारियों की जान की सुरक्षा को लेकर कदम उठाना चाहिए। अर्जुन मुंडा ने कहा कि अक्सर लोगों को ऐसा लगता है कि राजस्व कर्मचारियों को जमीन की खरीद-फरोख्त और म्यूटेशन के मामले में करप्शन में उनका साथ देना चाहिए। राजस्व कर्मचारी मना करते हैं तो उनपर हमला होता है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी-प्रशासनिक संरक्षण में भू-माफियाओं का मनोबल बढ़ा हुआ है।

उन्होंने कहा कि सरकार को राजस्व कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कानून बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्ष्मीकांत मुंडा कथित हत्याकांड मामले में सरकार को पुलिस की कार्रवाई के लिए समय सीमा निर्धारित करनी चाहिए। 

क्या बोला झारखंड राजस्व उपनिरीक्षक संघ
इस मामले में झारखंड राजस्व उपनिरीक्षक संघ के मुख्य संरक्षक भरत सिन्हा ने कहा कि लक्ष्मीकांड मुंडा काफी सरल और मृदुभाषी व्यक्ति थे। ईमानदारी से अपना काम करते थे। शनिवार को जब वह ऑफिस नहीं आए तो अंचलाधिकारी ने राजस्व उपनिरीक्षक बिष्णु  कुमार भोक्ता को उनके आवास पर भेजा। बिष्णु कुमार भोक्ता आवास पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा खुला हुआ था। भीतर पहुंचे तो संदिग्ध परिस्थितियों में लख्मीकांत मुंडा की लाश मिली। उनके मुंह पर तकिया रखा था। सिर पर गहरे चोट के निशान थे और बॉडी खून से लथपथ थी। भरत सिन्हा ने मामले में पुलिस की विशेष एसआईटी और फास्ट ट्रैक कोर्ट के गठन की मांग की है। 

Tags - Revenue Official Lakshmikant MundaRevenue Official MurderJharkhand NewsMurderCrime News