सरायकेला:
चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में टाटा-चांडिल-पुरुलिया NH-18 पर जामडीह फ्लाईओवर के समीप तिल्ला-गुण्डा क्रॉस चौक पर स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग उठी है। सड़क सुरक्षा को लेकर तिल्ला और गुण्डा पंचायत के ग्रामीणों ने NHI के परियोजना निदेशक को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की है।

तेज रफ्तार वाहनों से दुर्घटना की आशंका
ग्रामीणों का कहना है कि NH-18 का निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका है और इसके बाद इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार बढ़ने की संभावना है। जामडीह फ्लाईओवर के समीप स्थित क्रॉस चौक से तिल्ला, गुण्डा और आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। ऐसे में तेज गति से गुजरने वाले वाहनों के कारण यहां सड़क दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

उद्घाटन से पहले स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग
ज्ञापन में ग्रामीणों ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फ्लाईओवर के समीप तिल्ला-गुण्डा क्रॉस रोड पर गति अवरोधक लगाना आवश्यक है। ग्रामीणों ने विशेष रूप से मांग की है कि 14 नवंबर को प्रस्तावित जामडीह ओवरब्रिज के उद्घाटन से पहले स्पीड ब्रेकर लगाने की कार्रवाई पूरी की जाए।
ओवरब्रिज शुरू होने पर यातायात का दबाव बढ़ेगा
ग्रामीणों ने बताया कि ओवरब्रिज के शुरू होने के बाद मुख्य मार्ग पर यातायात का दबाव और वाहनों की गति बढ़ सकती है। ऐसे में पहले से सुरक्षा व्यवस्था करना जरूरी है, ताकि भविष्य में दुर्घटना और उसके बाद सड़क जाम जैसी स्थिति से बचा जा सके। इस संबंध में तिल्ला एवं गुण्डा पंचायत के ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से एनएचएआई को ज्ञापन सौंपा।