logo

ऑनलाइन : समागम में उठी मांग, देवघर-बोकारो में भी खुले ESIC अस्पताल

867.jpg

द फॉलोअप डेस्क
कर्मचारी राज्य बीमा निगम क्षेत्रीय कार्यालय रांची की ओर से 11 जनवरी को ऑनलाइन सुविधा समागम कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें राज्य भर से 60 से अधिक लोग शामिल हुए। अपनी कठिनाइयों से अवगत कराया। इस दौरान चैंबर के श्रम व मापतौल उप समिति के चेयरमैन प्रमोद सारस्वत ने ऑनलाइन बैठक में शामिल होकर कई मुद्दों को रखा। उन्होंने देवघर और बोकारो में ESIC अस्पताल खोलने की मांग की। प्रमोद ने यह भी बताया कि गिरिडीह में 10,000 से भी ज्यादा बीमित व्यक्ति का रजिस्ट्रेशन ESIC में है। मगर मेडिकल की सुविधा के लिए गिरिडीह के लोगों को धनबाद और बोकारो जाना पड़ता है। उन्होंने यह सुझाव दिया कि गिरिडीह में ही प्राइवेट हॉस्पिटल को टाइअप कर बीमित व्यक्तियों को मेडिकल सुविधा मुहैया कराई जाए।

तीन स्थानों पर खुलेगी डिस्पेंसरी
कार्यक्रम के दौरान पदाधिकारियों ने बताया कि डाल्टनगंज, साहिबगंज और खूंटी में विभाग की डिस्पेंसरी के साथ ऑफिस 1 फरवरी को खुलेगी। जिसका लाभ वहां के लोगों को प्राप्त होगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अभिषेक, राजीव रंजन, डॉक्टर संजय मुर्मू और डॉक्टर एमपी मिंज आदि मौजूद थे।

औद्योगिक क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर जताई चिंता
झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स के उद्योग उप समिति की बैठक 11 जनवरी को चैंबर भवन में हुई। जिसमें सदस्यों ने औद्योगिक इकाइयों की विभिन्न समस्या व सुझाव पर वार्ता की। राज्य के औद्योगिक विकास के लिए इन बिंदुओं पर त्वरित कार्रवाई को जरूरी बताया। वहीं, राज्य के औद्योगिक क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट पर चिंता जताते हुए इस कार्य में स्टेकहोल्डर्स को सहभागी बनाने को जरूरी बताया गया। निजी औद्योगिक क्षेत्रों की महत्वाकांक्षी अवधारणा से राज्य में बन रही उत्साहजनक स्थिति पर भी चर्चा की गई। तय हुआ कि सभी समस्याओं पर उद्योग सचिव के साथ वार्ता कर समाधान की पहल की जाएगी। बैठक में चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री, उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, महासचिव डॉ. अभिषेक रामाधीन, प्रवक्ता ज्योति कुमारी, उद्योग उप समिति चेयरमेन बिनोद अग्रवाल, सदस्य बिनोद तुलस्यान, सुरेंद्र सिंह, सुरेश अग्रवाल के अलावा कोकर इंडस्ट्रीयल एरिया और तुपुदाना इंडस्ट्रीयल एरिया एसोसिएशन के सदस्य उपस्थित थे।