द फॉलोअप डेस्क
भारतीय जनता पार्टी के उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल (पूर्वी) की परिवर्तन यात्रा का समापन 26 सितंबर को होगा। इस परिवर्तन यात्रा का समापन समारोह धनबाद के गोल्फ मैदान में होगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। परिवर्तन यात्रा के प्रभारी सह पूर्व सांसद रवींद्र राय ने बताया कि समापन समारोह में स्थानीय सांसद ढुलू महतो, विधायक राज सिन्हा सहित अन्य स्थानीय नेता मौजूद रहेंगे। वहीं गोल्फ मैदान की सभा में धनबाद, बाघमारा व झरिया विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ता व नेता शामिल होंगे।
बता दें कि विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने परिवर्तन यात्रा को गंभीरता से लिया है। पार्टी सभी विधानसभा क्षेत्र में रोड शो व आम सभा का आयोजन कर रही है। 26 सितंबर को परिवर्तन यात्रा धनबाद महानगर में प्रवेश करेगी। धनबाद में सभा को मुख्य वक्ता के रूप में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह संबोधित करेंगे। साथ ही विधायक राज सिन्हा ने बताया कि धनबाद शहर में रोड शो और आम शो का भी आयोजन होगा।

धनबाद में पुरुषोत्तम रंजन की अध्यक्षता में परिवर्तन यात्रा को लेकर बीजेपी ओबीसी मोर्चा ने मंगलवार को बैठक की। बैठक में 26 सितंबर को बेकारबांध मोड़ में परिवर्तन यात्रा के स्वागत की भव्य तैयारी करने का निर्णय लिया गया है। ओबीसी मोर्चा के महानगर अध्यक्ष पुरुषोत्तम रंजन ने कहा कि धनबाद सहित पूरे झारखंड का ओबीसी समाज भाजपा के विकास कार्यों से हर्षित है। इस बैठक में भाजपा के जिला मंत्री पंकज सिन्हा, राजेश गुप्ता, रिंकू शर्मा, जिराखन सिंह, राजेंद्र सिंह, सन्नी रवानी, आनंद खंडेलवाल, धीरज कुमार, मनोज चौहान, अरविंद कुमार महतो, अजीत पोद्दार, संजय कुमार, अमित साव सहित कई नेता मौजूद थे।
