द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार के कैबिनेट का विस्तार हो गया है। सभी 11 मंत्रियों ने गुरुवार को पद एवं गोपनीयता की शपथ ले ली है। लेकिन अब तक ये बड़ा सवाल बना हुआ है कि किसे कौन सा विभाग मिलेगा। इस बीच कांग्रेस के महासचिव द्वारा लिखा हुआ एक पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें कांग्रेस कोटे के सभी चार मंत्रियों के बीच विभाग बंटवारे को लेकर मुख्यमंत्री को पत्र लिखा गया था। पत्र के अनुसार राधा कृष्ण किशोर को वित्त, योजना एवं विकास विभाग, दीपिका पांडेय सिंह को स्वास्थ्य विभाग, शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि विभाग तो इरफ़ान अंसारी को ग्रामीण विकास विभाग की ज़िम्मेदारी की बात कही गई। लेकिन जो जानकारी द फ़ॉलोअप के पास है उसके अनुसार विभागों में हेर-फेर हो सकती है। जानकारी के अनुसार दीपिका पांडेय सिंह को ग्रामीण विकास विभाग की ज़िम्मेदारी मिलने जा रही है तो शिल्पी नेहा तिर्की को स्वास्थ्य और इरफ़ान अंसारी को कृषि विभाग मिलेगा। साथ ही राधा कृष्ण किशोर के विभाग वही रहेंगे। जानकारी के अनुसार दोपहर तक विभागों का बंटवारा हो जाएगा क्योंकि आज शाम कैबिनेट की बैठक भी होनी है।