logo

साकची गांधीघाट से भुईंयाडीह शमशान घाट तक नया फ्लाईओवर बनाने के लिए सर्वे और डिजाइन का काम शुरु करने का निर्णय

FLY1.jpg

जमशेदपुर 
मानगो फ्लाईओवर के डिजाइन में परिवर्तन करने पर सहमति बन गयी है। डिजाइन में परिवर्तन करने से मानगो चौक से पायल सिनेमा तक फ्लाईओवर के भाग को उपयोगी बनाया जा सकेगा। यहां के निवासियों-व्यवसायियों को भी कठिनाई नहीं होगी। यह सहमति विधायक सरयू राय, फ्लाईओवर निर्माता कंपनी के मुख्य डिजाइन प्रभारी संजय भार्गव और पथ निर्माण  विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय के बीच हुई बैठक में बनी है। बैठक शुक्रवार की रात विधायक सरयू राय के आवासीय कार्यालय पर हुई और शनिवार की सुबह इन सभी ने क्षेत्र का भ्रमण किया। निर्माता कंपनी के मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव इसे लेकर अहमदाबाद से जमशेदपुर शुक्रवार की शाम पहुंचे थे, पूर्व में बने डिजाइन पर पुर्नविचार किया और शनिवार की सुबह क्षेत्र भ्रमण कर फ्लाईओवर निर्माण की प्रगति और इसके डिजाइन में प्रस्तावित परिवर्तन का जायजा लिया।

इस संबंध में विधायक सरयू राय ने बताया कि मानगो चौक से पायल सिनेमा की ओर जाने वाला फ्लाईओवर के पूर्व की डिजाइन में प्रावधान था कि फ्लाईओवर का यह भाग एकतरफा (वन लेन का) होगा। अर्थात, साकची की ओर से आने वाला यातायात फ्लाईओवर के इस भाग से पायल सिनेमा की ओर केवल उतरेगा। शनिवार की बैठक में निर्णय हुआ कि फ्लाईओवर के इस भाग को भी दोतरफा (टू लेन) बनाया जाये, ताकि इस पर से होकर यातायात पायल सिनेमा तक आये और पायल सिनेमा से इससे होकर यातायात आगे जाये भी। इसके लिए सड़क के किनारे वन विभाग की जमीन को लेने का प्रस्ताव रखा गया। 

बताया कि पायल सिनेमा के पास, जहां फ्लाईओवर खत्म होगा, वहां एक गोल चक्कर बनाया जायेगा, ताकि फ्लाईओवर के इस भाग से होकर आने-जाने वाले यातायात को मुड़ कर यू-टर्न लेने की सुविधा हो। टू लेन फ्लाईओवर के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाई जायेगी। पुल के नीचे के भाग को वाहन पड़ाव के लिए इस्तेमाल किया जायेगा। 

विधायक सरयू राय ने मानगो चौक से पायल सिनेमा के बीच के व्यवसायियों और निवासियों से मिले सुझाव के आधार पर यह परिवर्तन फ्लाईओवर के डिजाइन में कराया। उन्होंने इसकी सूचना व्यवसायियों और निवासियों को दे दी कि उनकी मांग मान ली गयी है। इसके बाद दो दिन से रुका हुआ फ्लाईओवर पायलिंग का काम शुरु होने का रास्ता खुल गया। फ्लाईओवर के इस भाग के निर्माण में दो दिन से चल रहा गतिरोध समाप्त हो गया और फ्लाईओवर की पायलिंग का रुका हुआ काम फिर से आरंभ करने का निर्देश दे दिया गया।  

सरयू राय ने फ्लाईओवर निर्माता कंपनी के मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव और पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता दीपक सहाय के साथ हाथी घोड़ा मंदिर, साकची से लेकर शमशान घाट, भुईंयाडीह तक का दौरा किया। उन्होंने प्रस्ताव रखा कि एक फ्लाईओवर टिमकेन गोल चक्कर के ऊपर से इस रास्ते पर भी बनाया जाए ताकि रांची से डोबो होकर और अन्य स्थानों से सरायकेला होकर टाटा स्टील फैक्ट्री में जाने वाले और फैक्ट्री से निकलने वाले भारी वाहनों को इस फ्लाईओवर से होकर गुजारा जाए ताकि टिमकेन गोलचक्कर के पास यातायात की समस्या नहीं हो और इसके कारण मानगो पुल के जाम होने की स्थिति न पैदा हो। मुख्य डिजाइनर संजय भार्गव इस पर सहमत हुए और हाथी-घोड़ा चौक, साकची से श्मशान घाट, भुईंयाडीह तक एक फ्लाईओवर बनाने के लिए डिजाइन तैयार करने का निर्देश अपने अधीनस्थ अभियंताओं को दिया। 

सरयू राय ने कहा कि मानगो फ्लाईओवर को अधिक उपयोगी बनाने के लिए आज लिया गया यह निर्णय यातायात जाम को दूर करने की दिशा में काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। मानगो चौक-पायल सिनेमा फ्लाईओवर को दोतरफा (टू लेन) बनाना और टिमकेन गोल चक्कर के ऊपर से एक अतिरिक्त फ्लाईओवर का निर्माण करने पर बनी सहमति निर्माणाधीन मानगो फ्लाईओवर को उपयोगी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।


 

Tags - Jharkhand News Jharkhand Hindi News Jamshedpur News Jamshedpur Hindi News Flyover